बरेली: रिटायर्ड फौजी के बेटे सहित तीन अंतर्राज्यीय हेरोइन तस्कर गिरफ्तार
बरेली/ भुता,अमृत विचार। भुता थाना पुलिस ने नशा तस्करी के गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने रिटायर्ड फौजी के बेटे सहित तीन अंतर्राज्यीय हेरोइन तस्करों को 404 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि हेरोइन की कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में करीब 50 लाख रुपये है। तस्करों का सरगना स्नातक …
बरेली/ भुता,अमृत विचार। भुता थाना पुलिस ने नशा तस्करी के गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने रिटायर्ड फौजी के बेटे सहित तीन अंतर्राज्यीय हेरोइन तस्करों को 404 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि हेरोइन की कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में करीब 50 लाख रुपये है। तस्करों का सरगना स्नातक पास है। पुलिस इस गैंग के मुख्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है लेकिन अभी तक कोई सफलता हासिल नहीं हुई है। इसके पीछे की वजह बताई जा रही है कि तस्करी से जुड़े लोग नकाब पहनकर निर्धारित स्थान पर माल की सप्लाई करते हैं।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि बताया कि भुता थानाध्यक्ष वेदपाल को मुखबिर ने सूचना दी कि गांव फैज नगर में मैंकपुर कला पुलिया के पास हेरोइन का सौदा होने वाला है। पुलिस ने मौके पर छापा मारकर तीन व्यक्तियों को पकड़ लिया। पुलिस गिरफ्त में आए तस्करों के नाम बृजेश गंगवार निवासी सिमरा कैशोपुर फरीदपुर, हरवीर सिंह निवासी पउनगला भुता और सोनू सिंह निवासी फतेहपुर हरदोई के रूप में बताई। तीनों दोस्त हैं और बृजेश ने शाहजहांपुर रोड स्थित एक निजी महाविद्यालय से बीए की पढ़ाई की है।
हरवीर के पिता रिटायर्ड फौजी हैं और सोनू हरवीर के मामा का बेटा है। बृजेश ने ही अपने दोनों साथियों को बुलाया था। पुलिस ने जब उनकी तलाशी ली तो उनके पास से 404 ग्राम हेरोइन, 2 तमंचा, एक चाकू, चार जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल, 3200 रुपये व एक बाइक भी बरामद हुई है। बृजेश ने पुलिस को बताया कि इस माल की डील आठ लाख रुपए में हुई थी। उसे माल आगे सप्लाई करना था लेकिन पुलिस ने पकड़ लिया। उसने पहली बार डील की थी। डील का उसे कमीशन मिलता। उसके बाद माल आगे बरेली के अलावा दिल्ली, एनसीआर, पंजाब और उत्तराखंड में सप्लाई कर दिया जाता।
