पीलीभीत: जंगली जानवर ने बुजुर्ग को किया घायल, गन्ने के खेत में बाघ का शोर मचा
पूरनपुर, अमृत विचार। खेत पर फसल देखने गए बुजुर्ग किसान पर गन्ने के खेत में छिपे वन्यजीव ने हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग घायल हो गए। शोर शराबा करने पर वन्यजीव फिर गन्ने के खेत में जाकर छिप गया। घटना की जानकारी लगते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों संग परिजनों ने बीट चौकी पहुंचकर नाराजगी जताई। घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
तहसील क्षेत्र के गांव बिलहरी के 70 वर्षीय रामनरेश रविवार को खेत में सरसों की फसल देखने गए थे। इस बीच वह खेत के पास ही पशुओं के लिए घास काटने लगे। इसी दौरान गन्ने के खेत में छिपे एक वन्यजीव ने उन पर हमला कर दिया। जिससे रामनरेश घायल हो गए। बताते हैं कि शोर शराबा करने पर वन्यजीव किसान को छोड़कर फिर गन्ने के खेत में चला गया। बुर्जुग के शोर करने पर पास में ही खेत पर काम कर रहे गांव के ही प्रदीप वहां पहुंचे और उन्होंने बुजुर्ग के परिजनों को इसकी सूचना दी। जानकारी लगते ही परिजन भी खेत पर पहुंच गए। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीण परिजनों के साथ पास के ही गांव में मौजूद मालिनकुइंया वनबीट चौकी पहुंचे और मौजूद वन कर्मियों ने घटना को लेकर नाराजगी जताई।
इधर हमले में घायल किसान को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है। इस बीच अस्पताल पहुंचे वनकर्मियों को भी परिजनों ने खरी खोटी सुनाई। घायल रामनरेश ने बताया कि उन पर बाघ ने हमला किया है। हालांकि घटना के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम को जांच पड़ताल के दौरान आसपास के खेत में किसी भी वन्यजीव के पगचिन्ह नहीं मिले। फारेस्ट गार्ड सुरजीत ने बताया कि मौके पर किसी वन्यजीव के पद चिन्ह नहीं मिले हैं। फिलहाल अभी जांच पड़ताल की जा रही है।
ये भी पढ़ें - पीलीभीत: एनपीएस को बताया विनाश की ओर ले जाने वाली पेंशन स्कीम
