मुरादाबाद : कुष्ठ रोग से बचाव के लिए जानकारी बहुत जरूरी
नगर क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में कुष्ठ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में कुष्ठ रोग के बारे में जानकारी देते जिला कुष्ठ परामर्शदाता डा. भास्कर अग्रवाल
मुरादाबाद, अमृत विचार । स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान व कुष्ठ पखवाड़े के क्रम में सोमवार को नगर क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य पूर्णिमा पाल ने कहा कुष्ठ रोग की जानकारी ही इसके बचाव के लिए बहुत आवश्यक है। भारत को कुष्ठ रोग से मुक्त बनाने के लिए छात्राएं अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
जिला कुष्ठ परामर्शदाता डॉ. भास्कर अग्रवाल ने बताया कि रोग से प्रभावित व्यक्ति को ठंडे और गर्म का एहसास नहीं हो पता है। कई बार उसकी आंख की पलक भी बंद नहीं हो पाती हैं। उन्होंने बताया कि त्वचा पर लाल दाग होना, जिसमें संवेदना न होना, खुजली न होना, बाल का गिरना, पसीना न आना आदि महत्वपूर्ण लक्षण है जो कुष्ठ रोग की ओर इशारा करते हैं। छात्राओं ने अपने आसपास होने वाले कुष्ठ रोगियों को इस जानकारी को बताने और उन्हें इलाज के लिए प्रेरित करने की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए अभिलाषा ने कहा इस गतिविधि द्वारा पता चलता है कि कोई भी बीमारी अब लाइलाज नहीं है। सरकार द्वारा बहुत कदम उठाए जा रहे हैं जिसके अंतर्गत कुष्ठ रोग के लिए मुफ्त इलाज, मुफ्त आपरेशन व विकलांग पेंशन सुविधा भी उपलब्ध है। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं और टीचिंग स्टाफ ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
ये भी पढे़ं : Moradabad : पीएम मोदी ने छात्रों को दिए टिप्स, कहा-जिंदगी में हर चीज का टाइम टेबल बनाना चाहिए
