Kanpur में 90 लाख की चोरी का मामला: पुलिस कमिश्नर से मिलीं विधायक नसीम सोलंकी, कही ये बात...
कानपुर, अमृत विचार। जाजमऊ थानाक्षेत्र के डिफेंस कालोनी में सपा विधायक नसीम सोलंकी के ननद शमीम बानो के घर से 90 लाख की चोरी की घटना में शातिर नकाबपोश चोर स्कॉर्पियों से सवार होकर आए थे। अब तक की जांच में पुलिस को यह जानकारी मिली है। घटना के बाद सोमवार को नसीम सोलंकी ने पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार से मुलाकात की और जल्द से जल्द घटना के अनवारण के लिए बात रखी। विधायक ने कहा कि ज्यादा देर न हो जाए, जिससे चोरी गया माल कहीं शातिर इधर-उधर ठिकाने लगा दें।
इस पर पुलिस कमिश्नर ने आश्वासन दिया कि पुलिस बहुत तत्परता से मामले को देख रही है। टीमें लगी हैं, जल्द से जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा। पुलिस अब उस स्कॉर्पियों के नंबर को ट्रेस कर रही है। जाजमऊ के डिफेंस कॉलोनी में जावेद आलम का घर है। उनकी संजय नगर में टेनरी है। जावेद अपनी पत्नी शमीम बानो के साथ रहते हैं। शमीम बानो ने पुलिस को बताया था कि शुक्रवार को बेटी अपने बच्चों जोहा, जिलफ और नाज के साथ आई थी। शमीम ने बताया था कि बेटी मकान में पहले फ्लोर पर सो रही थी। जबकि वह और पति ग्राउंड फ्लोर पर सो रहे थे। शनिवार को पहले फ्लोर पर सुबह छह बजे जब नमाज पढ़ने के लिए गई तो सारा सामान अस्त व्यस्त पड़ा था जिससे उनके होश उड़ गए।
चोरी की सूचना पर एसीपी कैंट, जाजमऊ थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड पहुंचा और छानबीन शुरू की थी। पुलिस ने जब इलाके के सीसीटीवी देखने शुरू किए तो नकाबपोश शातिर चोर एक स्कॉर्पियों में आते हुए कैद हुए। तड़के करीब साढ़े तीन बजे तीन नकाबपोश पीछे की दीवार फांदकर छत पर आए। यहां से सीढ़ी के रास्ते दरवाजा खोलकर अंदर घुसे।
यहां कमरे में जाकर अलमारियों को तोड़ा उसमें रखे एक किलो सोने के जेवर, कुछ चांदी के जेवर और ढाई लाख नकद व अन्य सामान निकाला और भाग निकले। सपा विधायक नसीम सोलंकी चोरी की घटना के बाद पहुंची। उन्होंने बताया कि वह उनकी ननद का घर है। विधायक सोमवार सुबह पुलिस कार्यालय पहुंची और पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर जल्द घटना के खुलासे की मांग की। उन्होंने कहा कि कई चीजे पुलिस के हाथ लगी हैं, लेकिन वह मीडिया के सामने नहीं बता सकतीं हैं। सपा विधायक के अनुसार ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत जल्द पुलिस घटना का खुलासा कर देगी।
