लखीमपुर खीरी: सरेशाम वारदात...महिला की चेन छीनकर बाइक सवार बदमाश फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मैगलगंज, अमृत विचार। भतीजे के साथ मैगलगंज कस्बे की बाजार कर वापस मायके जा रही शाहजहांपुर की एक महिला के गले पर बाइक सवार उचक्के ने झपट्टा मार दिया और उसकी सोने की चेन लूट कर भाग निकले। सरेशाम हुई वारदात से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़ित महिला ने पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
 
शाहजहांपुर कोतवाली सदर के मोहल्ला भारद्वाजी निवासी अनिल दीक्षित की पत्नी रेनू दीक्षित का मायका मैगलगंज के गांव ढखिया रूप में है। वह रविवार को अपने भतीजे रितिक शुक्ला के साथ बाइक से मैगलगंज कस्बे की बाजार सामान लेने आई थी। शाम करीब चार बजे बाइक से घर वापस जा रही थी। तभी औरंगाबाद ओवर ब्रिज के आगे गुरु नानक डिग्री कॉलेज के निकट पीछे से बाइक पर सवार होकर दो युवक आ गए। दोनों हेलमेट लगाए हुए थे। पास में आकर बाइक चला रहे बदमाश में बाइक की गति धीमी कर दी। वह कुछ समझ पाती। इससे पहले ही पीछे बैठे बदमाश ने उनके गले पर झपट्टा मार दिया और सोने की चेन लेकर भाग निकले। महिला के शोर मचाने पर पर तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। लोग माजरा समझ पाते। इससे पहले ही दोनों बदमाश तेज रफ्तार बाइक लेकर भाग निकले। चेन स्नेचिंग की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।

समय रहती बदमाशों को पकड़ सकती थी पुलिस
पुलिस बदमाशों की सुरागरसी करने के बजाय महिला से ही पूछताछ में जुटी रही। माना जा रहा है कि घटना के तुरंत बाद यदि पुलिस घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश करती तो शायद बदमाश भागने में सफल नहीं हो पाते और पकड़े जा सकते थे।  पीड़ित महिला ने पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। प्रभारी निरीक्षक रमेश कुमार पांडेय ने बताया कि छानबीन की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस 
चेन स्नेचिंग की सूचना के बाद मौके पर पहुंची कोतवाली मैगलगंज पुलिस घटनास्थल के साथ ही मार्गों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। हालांकि अभी तक जो फुटेज पुलिस के हाथ आए हैं। उनमें बाइक का नंबर भी साफ नहीं है। हेलमेट लगा होने के कारण पुलिस बदमाशों की पहचान कराने में काफी  दिक्कतों का सामना करना  पड़ रहा है। मैगलगंज खीरी।

संबंधित समाचार