Fatehpur Accident: श्रद्धालुओं से भरी बस को डंपर ने मारी टक्कर, चार की मौत...दर्जन भर घायल

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

फतेहपुर, अमृत विचार। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दूधी कगार मोड़ के समीप बुधवार की सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। जहां श्रद्धालुओं को लेकर प्रयागराज महाकुंभ ले जा रही बस हादसे का शिकार हो गई।

श्रद्धालुओं से भरी बस को तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दर्जन भर लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बुधवार सुबह घोरपहर कानपुर प्रयागराज हाईवे पर दूधी कगार मोड़ के समीप दिल्ली से प्रयागराज जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी।

डंपर और बस की टक्कर इतनी तेज थी कि तेज रफ्तार डंपर बस को दो किलोमीटर तक घसीट ले गया। जिसमें बस चालक समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हादसे में दर्जन भर लोग बुरी तरीके से घायल हो गए। जिसमें तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है जिन्हें इलाज के लिए कानपुर हैलेट में भर्ती कराया गया है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस व डंपर को रास्ते से बाहर निकाल आवागमन बहाल कराया। बताया जा रहा है कि श्रद्धालुओं से भरी यह बस दिल्ली से प्रयागराज महाकुंभ में शामिल होने जा रही थी।

जैसे ही वह कल्याणपुर थाना क्षेत्र के दूधी कगार मोड़ के समीप पहुंची की सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि तेज रफ्तार डंपर बस को दूरी कगार मोड़ से करीब दो किलोमीटर दूर नूरपुर मोड तक घसीटते हुए चला गया। इस दौरान डंपर चालक मौके से फरार हो गया।

हादसे में बस चालक विवेक सिंह (28) निवासी जोहनीपुर खजानी नगर नई दिल्ली समेत श्रद्धालु विमल चंद्र झा (52) निवासी मोहन गार्डन उत्तम नगर राधे एंक्लेव नई दिल्ली, दिगंबर झा (60) निवासी मोहन गार्डन उत्तम नगर व प्रेमकांत झा (55) मोहन गार्डन उत्तम नगर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शगुन को कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाही में जुटी हुई है।

जबकि अनुज झा, वंदना झा, मनोरमा झा, मीरा झा, जय लक्ष्मी देवी, जयराज झा मीरा देवी अनूप झा रुक्मणी चौधरी समेत एक दर्जन लोग घायल हैं। जिसमें से तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है जिन्हें इलाज के लिए कानपुर हैलेट में भर्ती कराया गया। 

 

संबंधित समाचार