Bareilly: अब पीलीभीत का व्यापारी शिकार...लिंक खोलते ही खाते से हजारों रुपये पार
बरेली, अमृत विचार। लिंक खोलते ही पीलीभीत के बीसलपुर निवासी व्यापारी के खाते से 52 हजार रुपये उड़ गए। व्यापारी ने थाना बारादरी में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बीसलपुर के मोहल्ला ग्यासपुर निवासी मोहम्मद सलीम ने बताया कि वह कपड़ों का व्यापार करते हैं। उनकी दुकान जगतपुर रोड पर हाजा फैशन के नाम से है। उनका खाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा रामपुर गार्डन में है। 8 जनवरी को रात 8:30 बजे उनके मोबाइल पर अंजान नंबर से एक लिंक आया। लिंक को खोलने पर योनो एसबीआई का इंटरफेस दिखाई दिया। इस पर लॉग इन करने पर ओटीपी आया। ओटीपी डालते ही नेट बैंकिंग के माध्यम से खाते से 52 हजार रुपये कट गए।
आज खुलेगा पीलीभीत बाईपास का टेंडर
पीलीभीत बाईपास को छह लेन का बनाने के लिए बुधवार को टेंडर खोला जाएगा। बैरियर टू से बड़ा बाईपास तक की सड़क का करीब 60 करोड़ रुपये से निर्माण होगा। इस काम को 10 महीने में पूरा किया जाएगा। बीडीए ने बैरियर-टू से बड़ा बाईपास तक छह लेन सड़क निर्माण को लेकर काम तेज कर दिया है। 4.86 किलोमीटर मार्ग के दौरान बिजली के लाइनों को भूमिगत किया जाएगा। बुधवार को टेंडर खुलने के बाद कार्यदायी एजेंसी तय हो जाएगी। पीडब्ल्यूडी ने इस मार्ग के चौड़ीकरण के लिए शासन को प्रोजेक्ट भेजा था लेकिन अब तक मंजूर न होने के कारण स्थानीय अधिकारियों ने योजना बनाई कि बीडीए चार किलोमीटर से अधिक की सड़क का निर्माण कराए।
