मुरादाबाद : नौकरी के नाम पर चार लोगों से आठ लाख ठगे, जांच शुरू
मुरादाबाद,अमृत विचार। पुलिस अधिकारी और उसकी बेटी ने सफाई कर्मी के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर चार लोगों से आठ लाख रुपये ठग लिए। प्रति व्यक्ति ढाई लाख रुपये की बात तय होने के बाद चारों ने पहले दो-दो लाख रुपये दे दिए। बाकी रकम नौकरी लगवाने के बाद देने की बात तय …
मुरादाबाद,अमृत विचार। पुलिस अधिकारी और उसकी बेटी ने सफाई कर्मी के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर चार लोगों से आठ लाख रुपये ठग लिए। प्रति व्यक्ति ढाई लाख रुपये की बात तय होने के बाद चारों ने पहले दो-दो लाख रुपये दे दिए। बाकी रकम नौकरी लगवाने के बाद देने की बात तय हुई। रकम लेने के करीब दो साल बाद भी दोनों ने न तो किसी की नौकरी लगवाई और न ही रकम वापस की। रकम मांगने पर एक पीड़िता के साथ अभद्रता की। पीड़िता ने कार्रवाई के लिए एसएसपी को पत्र दिया। एसएसपी ने मझोला पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं।
पीड़िता ने जिस पुलिस अधिकारी पर आरोप लगाए हैं, उनकी तैनाती मौजूदा समय में अमरोहा में चल रही है। गुरुवार को मझोला थाना क्षेत्र के कांशीराम आवासीय योजना निवासी महिला आशा ने एसएसपी को पत्र सौंपा। उसका कहना था कि वह सिविल लाइंस के हिमगिरि कालोनी में रहने वाले एक पुलिस अधिकारी के घर पर सफाई का काम करती थी। काफी समय पहले अधिकारी और उसकी बेटी ने कहा कि वह तुम्हारे पति की नौकरी लगवा सकते हैं। सफाई कर्मियों के लिए पोस्ट निकली है, पति के अलावा अन्य लोगों से भी बात कर लो।
आशा के अनुसार दोनों के भरोसे में आकर पति राजू सिंह, रवि, मोनू और मीरपुर मिलनविहार निवासी राजू की नौकरी लगवाने की बात कही। प्रति व्यक्ति ढाई लाख में बात तय हो गई। आशा के अनुसार दोनों ने कहा कि पहले दो-दो लाख रुपये दो, बाकी रकम नौकरी लगने के बाद दे देना। जिस पर आठ लाख रुपये दोनों को दे दिए गए। आशा के अनुसार वर्ष 2018 में जब रकम दी गई तो दोनों ने तीन माह के अंदर नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया।
आरोप है कि लंबा वक्त बीतने के बाद जब नौकरी के संबंध में पूछताछ की तो वह टालने लगे। बाद में रकम न देने की बात कहते हुए धमकाया। आशा के अनुसार इस मामले में सिविल लाइंस पुलिस से भी शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। एसएसपी ने मझोला पुलिस को जांच करने के आदेश दिए हैं।
