कासगंज: विवाद के बाद युवक ने जहर खान दी जान, परिवार में मचा कोहराम
कासगंज, अमृत विचार। सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव किरामई में 35 वर्षीय युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। परिजनों ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने युवक को परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के पीछे परिवारिक विवाद बताया जा रहा है। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव को घर ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया। घटना को लेकर परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
गांव किरामई निवासी 35 वर्षीय रंजीत सिंह पुत्र नेम सिंह का बुधवार की शाम किसी बात को लेकर परिजनों से विवाद हो गया था। विवाद के बाद रंजीत सिंह ने शराब का सेवन कर लिया। गुरुवार की सुबह रंजीत ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। परिजनों ने रंजीत की हालत को बिगड़ते हुए देखा तो उनमें हड़कंप मच गया। परिजन उसे उपचार के लिए सोरों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सको ने गंभीर हालत को देखते हुए रंजीत को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन रंजीत को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सको ने परीक्षण के बाद रंजीत को मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई दिनेश ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। वह शव को लेकर गांव चले गए। जहां उन्होंने बिना किसी विधिक कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इंस्पेक्टर जगदीश चंद्र ने बताया कि किरामई गांव में रंजीत नाम के व्यक्ति ने विषाक्त का सेवन कर खुदकुशी कर ली है। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया है। परिजन कोई विधिक कार्रवाई कराना नहीं चाहते हैं।
