बदायूं: चेकिंग करने की गई थी बिजली विभाग की टीम, ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से कर दिया हमला
बदायूं, अमृत विचार। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव सिचौली में बिजली चेकिंग करने गई टीम से गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला किया गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमले में बिजली विभाग के अवर अभियंता महेश चंद, टीजी टू भारत सिंह चोटिल हो गए। अवर अभियंता ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
बिजली विभाग के अवर अभियंता, टीजी टू गुरुवार को कर्मचारियों के साथ गुरुवार सुबह लगभग सात बजे गांव सिचौली में चेकिंग अभियान में गए थे। गांव में एक घर पर कटिया डाली गई थी। विभागीय टीम ने प्रमाण रखने के लिए वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इसी दौरान कटिया डालने वाले दो युवकों ने टीम से गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी लेकर मारपीट करने लगा और जान से मारने की धमकी दी। टीम मौके से भाग आई और डायल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। टीम से कोतवाली जाकर तहरीर देने को कहा। जिसके बाद अवर अभियंता महेश चंद और उपखंड अधिकारी मेराज अहमद ने कोतवाली बिसौली पुलिस को आरोपी नन्हें और ओमकार के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने रिपोर्ट न होने पर काम बंद करने की चेतावनी दी है।
