लखीमपुर खीरी: शर्मनाक...बेटी मरी पैदा हुई तो नवजात का शव कुत्तों का निवाला बनने के लिए फेंका
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शहर में एक बार फिर मानवता शर्मसार हुई है। इस बार एक बाप ने ही बच्ची मृत पैदा होने पर उसे दफनाने के बजाय रात के अंधेरे में महिला अस्पताल के ही बाहर कुत्तों के लिए फेंक दिया। गुरुवार सुबह नवजात का शव मिलने से हड़कंप मच गया। जांच पड़ताल में मृत नवजात की मां ने बताया कि बेटी का शव दफनाने के लिए उसके पिता को दिया गया था। बताते हैं कि पिता ने मृत नवजात का शव दफनाने की बजाय अस्पताल के ही बाहर फेंक दिया।
महेवागंज निवासी मनोज कुमार बुधवार को गर्भवती पत्नी खुशबू को प्रसव पीड़ा होने पर महिला अस्पताल लेकर पहुंचा। बताते हैं रात में प्रसव के दौरान खुशबू ने मृत बच्ची को जन्म दिया। इस पर घरवालों ने मनोज को बच्ची का शव दफनाने के लिए दे दिया। मगर, मनोज ने शव न दफनाकर महिला अस्पताल में लगे ऑक्सीजन प्लांट के पास सड़क किनारे ही कुत्तों के लिए फेंक दिया। गुरुवार सुबह नवजात का शव दिखाई देने से महिला अस्पताल में खलबली मच गई। अस्पताल के बाहर नवजात का शव देखकर तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे। मामले की जानकारी होने पर महिला अस्पताल प्रशासन सहित जेल गेट चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। अस्पताल प्रशासन की पूछताछ में प्रसूता खुशबू ने बताया कि बेटी का शव दफनाने के लिए पिता को दिया गया था, जिसे लेकर वह चले गए थे। उन्होंने शव दफनाया या फिर बाहर फेंक दिया इसकी जानकारी नहीं है।
सीएमएस महिला अस्पताल डॉ. ज्योति मेहरोत्रा ने बताया कि बुधवार रात में दो बच्चे मृत पैदा हुए थे, जिनके शव उनके परिजनों को सुपर्द कर दिया गए थे। अस्पताल के बाहर नवजात का शव मिलने की सूचना पुलिस को दे दी है। चौकी प्रभारी जेल गेट पटेल राठी ने बताया कि महिला अस्पताल के बाहर नवजात का शव मिला था, जिसका पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
