Gonda News : अवैध वसूली के आरोपों से घिरे Gonda BSA कमिश्नर ने दिए जांच के आदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बीएसए पर स्टेनो के साथ मिलकर नव नियुक्त शिक्षकों से वेतन लगाने के नाम पर घूस मांगने का आरोप 

Gonda, Amrit Vichar : जिले का बेसिक शिक्षा विभाग भ्रष्टाचार के आरोपों से घेरे में गया है। 12460 शिक्षक भर्ती में नौकरी पाने वाले नवनियुक्त शिक्षकों का वेतन लगाने के नाम पर वसूली किए जाने का मामला सामने आया है। वहीं मृतक आश्रित नियुक्तियों मे भी दो से तीन लाख रुपये प्रति कैंडीडेट मांगे जाने का आरोप है। पूरे मामले की शिकायत देवीपाटन मंडल के आयुक्त से की गयी है। आयुक्त ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए  इसकी जांच एडी बेसिक को सौंपी है। आयुक्त के निर्देश पर बृहस्पतिवार को एडी बेसिक ने बीएसए कार्यालय पहुंचकर शिकायत में दिए गए विंदुओं की पड़ताल की।

12460 शिक्षक भर्ती के अंतर्गत पिछले वर्ष 645 शिक्षकों को तैनाती मिली थी‌। जुलाई में सभी को स्कूलों का आवंटन किया गया। जुलाई से ही नवनियुक्त शिक्षक स्कूलों में शिक्षण कार्य कर रहे हैं। 8 महीने की अवधि बीतने के बावजूद बेसिक शिक्षा विभाग अभी तक सभी को वेतन नहीं दे सका है‌ । सत्यापन के नाम पर करीब 50 से अधिक शिक्षकों का वेतन अटका है। जिले के सेमरा कालोनी के रहने वाले राम सरन सिंह ने इसकी शिकायत देवी पाटन मंडल के आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील से की है। आरोप है कि बीएसए अपने स्टेनो से मिलीभगत कर वेतन भुगतान के नाम पर नवनियुक्त शिक्षकों से वसूली करा रहे हैं। वेतन लगाने के बदले 15-20 हजार रुपये की वसूली की जा रही है।

वहीं मृतक आश्रित नियुक्तियों में भी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की नियुक्ति के लिए 2-3 लाख व शिक्षक पद पर नियुक्ति के लिए 4 से 5 लाख रुपये का रेट तय किया गया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने इसकी जांच मंडल के एडी बेसिक को सौंपी है। आयुक्त के निर्देश पर एडी बेसिक राम सागर पति त्रिपाठी ने बृहस्पतिवार को बीएसए कार्यालय पहुंचकर शिकायत की पड़ताल की। उन्होंने नवनियुक्त शिक्षकों की पत्रावली तलब कर शैक्षिक अभिलेखों का सत्यापन व वेतन भुगतान की स्थिति की जांच की। शिकायत के संबंध में एडी ने बीएसए से भी पूछताछ की।

जांच के लिए एडी बेसिक करीब एक घंटे तक बीएसए कार्यालय पर डटे रहे। इस दौरान कार्यालय के कर्मचारियों के चेहरे पर हवाइयां उड़ती रहीं। एडी बेसिक राम सागर पति त्रिपाठी ने बताया कि बीटीसी करने वाले कुछ शिक्षकों के अभिलेखों का सत्यापन अभी तक नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि सत्यापन ऑफ लाइन होना है। अन्य बिंदुओं की भी पड़ताल की गयी है। रिपोर्ट आयुक्त को भेजी जायेगी।

यह भी पढ़ें- Barabanki Route Diversion : गले की फांस बना रूट डायवर्जन, भटक रहे यात्री

संबंधित समाचार