जलालाबाद: मोमोज खाते वक्त प्लेट पर लगा हाथ, हो गया विवाद, आई पुलिस और फिर…
अमृत विचार, जलालाबाद। मोमोज खाते वक्त प्लेट पर हाथ लगने से उपजे विवाद में मारपीट हो गई। मौके से गुजर रही डायल 112 पुलिस के हस्तक्षेप पर उपद्रवी पुलिस से भिड़ गए। 112 पुलिसकर्मियों की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने युवकों को पुलिस से उलझने का मजा चखाते हुए कोतवाली में बंद कर दिया। …
अमृत विचार, जलालाबाद। मोमोज खाते वक्त प्लेट पर हाथ लगने से उपजे विवाद में मारपीट हो गई। मौके से गुजर रही डायल 112 पुलिस के हस्तक्षेप पर उपद्रवी पुलिस से भिड़ गए। 112 पुलिसकर्मियों की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने युवकों को पुलिस से उलझने का मजा चखाते हुए कोतवाली में बंद कर दिया। बाद में पीड़ित की तहरीर पर एनसीआर दर्ज कर उपद्रवियों को जेल भेज दिया गया।
मामला जलालाबाद के बरेली रोड स्थित क्वालिटी तिराहे का है जहां देर शाम मोमोज के ठेले पर मोमोज खाते वक्त गांधी नगर निवासी राहुल गुप्ता का हाथ वहां मोमोज खा रहे गांधी नगर निवासी अन्नू की प्लेट में लग गया जिससे दोनों पक्षो में विवाद हो गया। वाद विवाद बढ़ कर मारपीट तक पहुंच गया। हाथ लगने से नाराज़ अन्नू व उसके साथी महुआ ने राहुल गुप्ता और उसके भाई अमित को मारना शुरू कर दिया। मारपीट होते देख वहां से गुजर रहे डायल 112 के पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया तो उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों से भी अभद्रता शुरू कर दी। उपद्रवियों ने मौके पर पहुंची महिलाओं तक को नही बख्शा। जैसे तैसे पुलिसकर्मियों ने उपद्रवियों को काबू में कर मामले की सूचना मुख्य चौराहे पर मौजूद कस्बा इंचार्ज विनोद यादव को दी।
कस्बा इंचार्ज विनोद यादव के पहुंचने पर भी उपद्रवी पुलिस से भिड़ने की कोशिश करते रहे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए विनोद यादव ने बल का प्रयोग कर उपद्रवियों को काबू में किया और दोनों उपद्रवियों को कोतवाली ले गए। बाद में पीड़ितों की तहरीर पर मारपीट और गाली गलौज की धाराओं में एनसीआर दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर पीड़ितों को मेडिकल के लिए अस्पताल भेज दिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद राहुल को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रोड पर हुए उपद्रव से लगा लम्बा जाम
मोमोज के ठेले पर हुए विवाद से मौके पर लोगो की भीड़ इकट्ठी हो गई। विवाद कटरा बिल्लौर स्टेट हाइवे के मुख्य मार्ग पर होने की वजह से जलालाबाद से बरेली की तरफ जाने वाले वाहनों का आवागमन प्रभावित हो गया। लगभग 20 मिनट तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे ने वाहनों के पहिये रोक दिए। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद भी जब उपद्रवी नियंत्रित न हो सके तो उनकी खींचतान देखने जमा भीड़ से लगभग 20 मिनट तक रोड पर भयंकर जाम लग गया। कस्बा इंचार्ज विनोद यादव के आने के बाद उपद्रवियों को मौके से कोतवाली की तरफ ले जाया गया और भीड़ तितर बितर हुई। इन 20 मिनटों में वाहनों की लंबी कतार लग गई।
