Noida News: बांग्लादेशी नागरिकों के फर्जी आधारकार्ड बनाने के आरोप में दो सगे भाई गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गौतमबुद्ध नगर। देश में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के फर्जी आधारकार्ड बनाने के आरोप में पुलिस ने शुक्रवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना सेक्टर 39 पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे आठ बांग्लादेशी नागरिकों को सलारपुर गांव के पास से बृहस्वतिवार को गिरफ्तार किया था।

उन्होंने बताया कि सभी के पास फर्जी आधारकार्ड थे और पूछताछ के दौरान पता चला कि बांग्लादेश के रहने वाले लोगों के फर्जी आधारकार्ड सलारपुर के रोशन और नितेश ने अपने जनसुविधा केंद्र पर बनाए थे। जानकारी के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों मूलरूप से बिहार के रहने वाले हैं। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। 

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से सलारपुर गांव में एक ही कमरे में काफी संख्या में बांग्लादेशी नागरिक रह रहे थे। बुधवार रात करीब 12 बजे थाना फेज-दो क्षेत्र के भंगेल में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी तभी उसने तीन लोगों को पकड़ा था और उनसे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सलारपुर गांव से अन्य बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया।  

यह भी पढ़ें:-बहराइच: मातम में बदली शादी की खुशियां, गर्म दूध के भगोने में गिरने से मासूम बच्चे की मौत

संबंधित समाचार