शाहजहांपुर: भतीजे ने चाची की कर दी हत्या, ऑटो खड़े करने के विवाद में सिर फोड़ा फिर दबा दिया गला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। कटैया गांव में ऑटो खड़ा करने को लेकर हुआ विवाद एक दर्दनाक मोड़ पर पहुंच गया। शुक्रवार देर रात भतीजे ने अपनी चाची की गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

परिवार में पहले भी हो चुका था विवाद
गांव कटैया का रहने वाला गुड्डू कश्यप देहरादून में मजदूरी करता है। उसकी जमीन पर भतीजा रिंकू कश्यप ऑटो खड़ा करता था, जिसे लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। शुक्रवार को दिन में रिंकू और गुड्डू की पत्नी ज्योति कश्यप के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि रात करीब 12 बजे रिंकू घर में घुस आया और ज्योति के सिर पर डंडा मार दिया। इसके बाद उसने गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।

तीन बच्चों ने खोला हत्या का राज
घटना के वक्त ज्योति अपने तीन बच्चों के साथ सो रही थी। मां की हत्या होते देख बच्चे दहशत में आ गए। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो बच्चों ने पूरी घटना बयां की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी की तलाश जारी
वारदात के बाद से आरोपी फरार है। सीओ ज्योति यादव ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर : चाइनीज मांझे से सिपाही की कटी गर्दन, घायल

संबंधित समाचार