Mahakumbh: चौरीचौरा में हंगामा, चार बार चेनपुलिंग, यात्रियों ने अंदर से बंद किए AC कोच, RPF ने लोगों को बाहर खींचा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। महाकुंभ जाने वालों की भीड़ उमड़ने से सेंट्रल स्टेशन पर शनिवार को चौरीचौरा एक्सप्रेस में जमकर हंगामा हुआ। ठसाठस भरे एसी कोचों के दरवाजे श्रद्धालुओं ने अंदर से बंद कर लिए। रिजर्वेशन कराने वाले यात्री अंदर नहीं घुस पाए। ट्रेन रुकवाई गई।

आरपीएफ व जीआरपी ने दरवाजा पीटा, एनाउंस किया लेकिन गेट नहीं खुले। किसी तरह बी-थ्री कोच खुला तो सुरक्षाकर्मियों ने भीतर घुसे श्रद्धालुओं को खींचकर उतारा। इसके बाद चार बार चेन पुलिंग हुई। ट्रेन से उतारे गए श्रद्धालुओं को मेला स्पेशल ट्रेनों से भेजा गया।  

IMG-20250216-WA0006

चौरीचौरा एक्सप्रेस शनिवार शाम 4.52 बजे सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर छह पर आई तो उसके सारे एसी कोच अंदर से बंद थे। दरवाजा पीटते व रिजर्वेशन टिकट दिखाते हुए यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया।

आरपीएफ व जीआरपी बुलाई गई। सुरक्षाकर्मियों ने एनाउंस कराया, पर दरवाजा नहीं खुले। हंगामा बढ़ता देख रेलवे अफसरों ने ट्रेन रुकवाई। जवानों ने गैलरी में खड़े श्रद्धालुओं का हाथ पकड़कर बाहर खींचा। इसके बाद तत्काल प्लेटफार्म सात से कुंभ स्पेशल चलाई गई। 

IMG-20250216-WA0005

दरवाजे पर लटक गईं महिलाएं 

एसी कोच के गलियारे में सवार श्रद्धालुओं को आरपीएफ ने उतार लिया, लेकिन उनके परिजन अंदर बैठे रह गए। इस कारण जैसे ही ट्रेन चलती महिलाएं दरवाजे पर लटक जातीं। यह तमाशा कई बार हुआ।

IMG-20250216-WA0007

कई महिलाएं गिरते बचीं। महिलाओं ने तहा कि उनके परिजनों को भी उतारा जाए या उन्हें भी भेजा जाए। उनका सामान भी अंदर है। इस पर आरपीएफ ने समझाया कि परिजनों को फोन कर दो, सामान प्रयागराज में ले लेना।  

 

 

संबंधित समाचार