अयोध्या: पीएम उषा के तहत विद्यार्थियों ने भारतीय लोक कला को दीवारों पर उकेरा
अयोध्या, अमृत विचार: डॉ राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (पीएम-उषा) के अन्तर्गत 20 दिवसीय भित्ति-चित्रण कार्यशाला में ललित कला के छात्र-छात्राओं ने भारतीय लोक कला को दीवारों पर उकेरा।
कुलपति प्रो प्रतिभा गोयल के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी अतिथि गृह की दीवारों पर 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भारत के पंजाब, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, केरल, उड़ीसा, मध्य प्रदेश, बिहार और उत्तर प्रदेश आदि की लोक कला एवं जनजातीय कला का चित्रण किया। कुलपति ने कहा कि भित्ति चित्रकला भारत की सबसे पुरानी थाती है, यह भावों की अभिव्यक्ति है। इससे छात्र-छात्राओं में रचनाधर्मिता के अवसर बढ़ेंगे।
ललित कला के समन्वयक डॉ. सुरेंद्र मिश्र ने बताया कि पीएम-उषा के अन्तर्गत परिसर में शैक्षणिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में 3 फरवरी से 20 दिवसीय भित्ति चित्रण कार्यशाला में भारत की समृद्ध विरासत को दीवारों पर उकेरा जा रहा है। इसमें प्रतिभागी छात्र-छात्राएं मधुबनी, कलमकारी, सांझी, पिछवई, गोंड, कोहबर, केरला भित्ति चित्रण और तुलसी-चैरा परंपरागत कला शैली को उकेर रहे हैं।
संयोजक डॉ. सरिता सिंह ने बताया कि भारत की लोक कला एवं जनजातीय कला को भित्ति चित्रण के माध्यम से विद्यार्थी तकनीकी एवं विषय वस्तु का गहन अध्ययन कर रहे हैं। शिक्षिका डॉ. सरिता द्विवेदी एवं रीमा सिंह द्वारा छात्र-छात्राओं को भित्ति चित्रण की बारीकियों से परिचित कराया गया।
ये भी पढ़ें- चंद्र शेखर आजाद के शहादत दिवस पर होगी दौड़ प्रतियोगिता, तैयारी शुरू
