उन्नाव में स्कूल प्रबंधक की मौत; पत्नी पर जहर देकर मारने का आरोप, पहली पत्नी से हाे चुका था तलाक
उन्नाव, शुक्लागंज, अमृत विचार। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के पोनी गांव में रविवार सुबह एक स्कूल प्रबंधक व अधिवक्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की दूसरी पत्नी उन्हें एंबुलेंस से इलाज के लिए ले जा रही थी, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें रोककर पुलिस और मृतक के परिजनों को सूचित किया। परिजनों ने संपत्ति हड़पने के लिए जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। मृतक की बहन ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोनी गांव निवासी इशरार अहमद पेशे से अधिवक्ता होने के साथ ही त्रिभुवन खेड़ा और पोनी गांव में एक्स एक्सिलेंट पब्लिक स्कूल के नाम से दो विद्यालय चलाते थे। पहली पत्नी शमा नाज से तलाक के बाद वह दूसरी पत्नी अनीसा के साथ गांव में रहते थे। रविवार को उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पत्नी अनीसा ने एंबुलेंस बुलाकर शव को ले जाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें रोक दिया। जिस पर अनीसा और उसकी बहन, बहनोई ग्रामीणों से भिड़ गये, काफी देर तक वाद-विवाद होता रहा।
जिसके बाद ग्रामीणों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी और मृतक के भाई-बहन को भी बुलाया। सूचना पर मृतक का सौतेला भाई अहम और कानपुर के सनिगवां के चिश्ती नगर निवासी पहली पत्नी शमा नाज मौके पर पहुंचे। इशरार का शव नीला देखकर उन्होंने जहर देकर मारने का आरोप लगाया। जाजमऊ चौकी इंचार्ज राहुल सिंह ने जांच पड़ताल कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक की बहन सहरुन निशा ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उसकी दूसरी पत्नी अनीसा ने भाई की संपत्ति हड़पने के लिए जहर देकर मार दिया है। उन्होंने बताया कि इशरार के दाहिने हाथ के अंगूठे में स्याही का निशान था, जिससे पता चलता है कि संपत्ति अपने नाम करने के लिए अंगूठा लगवाने के बाद उन्हें मारा गया है। पुलिस ने अनीसा, उसकी बहन और बहनोई को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि इशरार और अनीसा के बीच अक्सर संपत्ति को लेकर विवाद होता रहता था। अनीसा इशरार की संपत्ति अपने नाम कराना चाहती थी। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि अनीसा ने इशरार को पहले भी जहर देने की कोशिश की थी, लेकिन तब वह बच गए थे। चौकी इंचार्ज ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को लेकर जांच कर रही है।
