दिल्ली: भाजपा विधायक दल की कल होने वाली बैठक टली, शपथ ग्रहण समारोह की भी तारीख बदली
नई दिल्ली। दिल्ली का नया मुख्यमंत्री चुनने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित विधायकों की सोमवार को होने वाली बैठक टल गई है। अब यह बैठक 19 फरवरी को होगी। मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह भी 18 फरवरी की बजाय 20 फरवरी को होगा। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी।
भाजपा पांच फरवरी को हुए विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करके 27 साल के बाद दिल्ली की सत्ता में आई है। भाजपा ने शानदार जीत के साथ दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के 10 साल के शासन को खत्म कर दिया। भाजपा ने दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से 48 पर जीत हासिल की।
मुख्यमंत्री और मंत्री पद के लिए कई नवनिर्वाचित विधायकों के नाम चर्चा में हैं। शीर्ष पद के लिए सबसे आगे माने जाने वालों में प्रवेश वर्मा, भाजपा की दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता और सतीश उपाध्याय शामिल हैं। पवन शर्मा, आशीष सूद, रेखा गुप्ता और शिखा राय सहित अन्य भी मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं। पार्टी में कई नेताओं का मानना है कि राजस्थान, हरियाणा, मध्यप्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ की तरह भाजपा नेतृत्व नवनिर्वाचित विधायकों में से किसी एक पर दांव लगा सकता है।
ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के पुंछ में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी, सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब
