Bareilly: कुंभ स्पेशल के गेट नहीं खुले, जाना था प्रयागराज लेकिन लखनऊ मेल में घुसे
बरेली, अमृत विचार। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ का खामियाजा लखनऊ मेल से आ रहे यात्रियों को भी भुगतना पड़ा। गाजियाबाद में कुंभ स्पेशल ट्रेन के गेट न खुलने से प्रयागराज जाने वाले तमाम लोग उसमें चढ़ने से रह गए। कुछ ही देर बाद दिल्ली से 45 मिनट देरी से चली लखनऊ मेल गाजियाबाद रुकी तो उसके एसी कोच में भारी भीड़ घुस गई। इसके बावजूद कई यात्री ट्रेन में चढ़ नहीं पाए।
लखनऊ मेल नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 16 से छूटती है। शनिवार रात प्लेटफार्म 13 और 14 पर हादसा हुआ था। ट्रेन के एसी कोच में यात्रा कर रहे अनुराग और कंचन ने बताया कि प्रयागराज जाने के लिए प्लेटफार्म पर भीड़ बहुत ज्यादा थी। रेलवे इसे संभाल नहीं पाया। नई दिल्ली से चलकर ट्रेन गाजियाबाद पहुंची तो प्रयागराज जाने वाले तमाम यात्री एसी कोच में घुस आए। ये यात्री दो घंटे पहले गई कुंभ स्पेशल ट्रेन के गेट नहीं खुले तो उसमें सवार नहीं हो पाए थे। लखनऊ मेल से वे लोग लखनऊ तक जाना चाह रहे थे। एसी कोच बी-2 में सवार दिव्यांग संजय राम गाजियाबाद से लखनऊ मेल में सवार हुए। बताया, भीड़ इतनी ज्यादा थी कि तय समय तक रुकने के बाद भी उनके साथ आए मित्र ट्रेन में नहीं चढ़ पाए और गाजियाबाद में ही छूट गए। स्लीपर कोच में भी भारी भीड़ से यात्रियों की स्थिति दयनीय हो गई। ट्रेन में भीड़ होने की सूचना यात्रियों ने एक्स पर पोस्ट की। रेलवे कंट्रोल को भी जानकारी दी लेकिन कुछ नहीं किया जा सका।
