बरेली: अभी लोड बढ़ते ही ट्रांसफार्मर और केबल देने लगे जवाब, मई और जून में क्या हाल होगा
बरेली, अमृत विचार। सर्दी में बिजली अधिकारियों ने बड़े-बड़े शटडाउन लेकर जर्जर तारों को बदलकर बंच केबल डालने और ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने के काम किए लेकिन अब तक पूरे नहीं हुए। अब फरवरी में दिन में गर्मी का अहसास होते ही लोड बढ़ने लगा है और ट्रांसफार्मर और केबल जलने के मामले बढ़ने लगे हैं। ऐसे में मई और जून में भीषण गर्मी में हाल और खराब होंगे।
पिछले साल गर्मी में बिजली की अव्यवस्था ने लोगों को सड़कों पर उतरने पर मजबूर किया था। सर्दी में नवंबर, दिसंबर और जनवरी में बिजली विभाग के अधिकारियों ने मरम्मत कार्य कराने के नाम पर हर रोज सप्लाई बंद रखी लेकिन काम पूरे नहीं हुए। फरवरी में भी काम कराए जा रहे हैं। वहीं अब ट्रांसफार्मर लोड ज्यादा बढ़ने पर फुंक रहे हैं। फरवरी में बिजली के फाल्ट ज्यादा होने से सप्लाई बाधित होने से दिक्कतें बढ़ रही हैं। पिछले दिनों बाकरगंज खड्ड के पास ट्रांसफार्मर में आग लगने से 15 घंटे से अधिक सप्लाई बाधित रही। किला सबस्टेशन के शास्त्रीनगर, गौरी शंकर मंदिर, रेशमा नर्सिंग होम के पास ट्रांसफार्मर में आग लगने की घटनाएं हुईं। रविवार सुबह कुतुबखाना सबस्टेशन के पास एक होटल के नजदीक ट्रांसफार्मर फुंक गया। इसी तरह जर्जर तारों में फाल्ट आने के मामले तेजी से बढ़े हैं। फरवरी में ही शहरी क्षेत्र में करीब आठ सौ शिकायतें हुई हैं।
जनवरी की तुलना में फरवरी में बढ़ी खपत
दिसंबर और जनवरी की तुलना में फरवरी में बिजली सप्लाई की खपत बढ़ गई है, क्योंकि फरवरी में गर्मी का अहसास होने लगा है। दिसंबर में जहां 67 मिलियन यूनिट बिजली की खपत हो रही थी जो जनवरी में बढ़कर 77 मिलियन यूनिट पहुंच गई। अब फरवरी के अंत तक बिजली की खपत और बढ़ने की उम्मीद जताई गई है। मई और जून में भीषण गर्मी होने पर यह 100 मिलियन यूनिट के पार होने और फाल्टों की संख्या में और इजाफा होने की संभावना है।
उद्यमी भी बिजली कटौती से त्राहि-त्राहि कर रहे
परसाखेड़ा और सीबीगंज के करीब 300 उद्यमी हर रोज बिजली कटौती से परेशान हैं। बिजली विभाग से लेकर डीएम, कमिश्नर के समक्ष भी बिजली संकट का मामला उद्यमी उठा चुके हैं पर उद्योगों के लिए बिजली 24 घंटे नहीं मिल रही है। नई व्यवस्था में उद्यमी बिजली संकट से त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। दिन के साथ रात में भी कटौती होने से उत्पादन प्रभावित होने से उद्यमियों को नुकसान झेलना पड़ रहा है।
नई व्यवस्था में सब स्टेशन पर नहीं सुनी जा रही शिकायतें
बिजली विभाग में शहरी क्षेत्र में नई व्यवस्था लागू की है। अधीक्षण अभियंता के निर्देश पर सभी सबस्टेशन पर बिजली के फाल्ट से संबंधित शिकायतों को सुनना बंद कर दिया गया है। फाल्ट होने पर टोल फ्री नंबर 1912 या रामपुर बाग स्थित हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज करानी पड़ रही है। शिकायत दर्ज होने के बाद उसे ठीक करने में चार से पांच घंटे लग रहे हैं।
मार्च तक सभी काम पूरे करा लिए जाएंगे। अभी बीच में कुछ ट्रांसफार्मर में आग लगने और फुंकने से दिक्कत आई थीं। गर्मी में किसी तरह की कटौती नहीं होने दी जाएगी-सुरेन्द्र कुमार, अधिशासी अभियंता
ये भी पढ़ें- Bareilly: सैटेलाइट गोली कांड...हत्या के छह दिन बाद मिला सीसीटीवी, फायरिंग करता दिखा नौबत यादव
