उदित राज पर मायावती का पलटवार, कहा- दलबदलू लोग अपने आकाओं को खुश करने के लिए करते हैं अनर्गल बयानबाजी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद उदित राज के विवादित बयान पर पलटवार करते हुये बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने कहा कि उनके मानवतावादी संघर्ष का हर स्तर पर तिरस्कार करने वाली कांग्रेस दलित शोषित वर्ग की विश्वसनीय नहीं हो सकती और दलित समाज कभी भी इसके बहकावे में नहीं आयेगा।

मायावती ने सोमवार को एक्स पर पोस्ट किया “बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के जीतेजी व उनके देहान्त के बाद भी, करोड़ों शोषित-पीड़ित दलितों/बहुजनों के लिए उनके आत्म-सम्मान एवं स्वाभिमान के मानवतावादी संघर्ष का हर स्तर पर तिरस्कार करने वाली खासकर कांग्रेस पार्टी कभी भी इनकी सोच-नीतियों पर खरी व विश्वसनीय नहीं हो सकती।”

उन्होंने कहा “विशुद्ध राजनीतिक व चुनावी स्वार्थ के लिए कांग्रेस ’जय बापू, जय भीम, जय मण्डल, जय संविधान’ आदि के नाम पर चाहे जितने भी कार्यक्रम क्यों न कर ले, बाबा साहेब के अनुयाई इनके किसी बहकावे में आने वाले नहीं हैं। वे जागरुक व सतर्क तथा अपने पैरों पर खड़े होने के लिए संघर्षरत हैं।”

उदित राज के बयान पर पलटवार करते हुये उन्होने कहा “कुछ दलबदलू अवसरवादी व स्वार्थी दलित लोग अपने आक़ाओं को खुश करने के लिए जो अनर्गल बयानबाजी आदि करते रहते हैं उनसे भी बहुजन समाज को सावधान रहने व उन्हें गंभीरता से नहीं लेने की जरूरत है क्योंकि वे 'सामाजिक परिवर्तन व आर्थिक मुक्ति' मूवमेन्ट से अनभिज्ञ व अपरिचित हैं।”

गौरतलब है कि उदित राज ने सोमवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में भगवत गीता का जिक्र करते हुये कहा था कि उनके श्रीकृष्ण से आदेश मिला है कि मायावती का गला घोटने का समय आ गया है। उनके इस बयान से बसपा में खासा रोष है। बसपा नेता आकाश आनंद ने उदित राज को गिरफ्तार करने की मांग तक कर डाली है।

यह भी पढ़ें: प्रधानमंत्री मोदी ने तोड़ी परंपरा, कतर के अमीर अल-थानी का एयरपोर्ट पर किया जोरदार स्वागत

संबंधित समाचार