लखीमपुर खीरी: महाकुंभ नहीं जा सकते...पर संगम के जल में डुबकी लगाएंगे जिला कारागार के बंदी

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में देश-विदेश से पहुंच रहे करोड़ों लोग पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। जिला जेल के बंदी भी अब संगम के जल में आस्था की डुबकी लगा सकेंगे। शासन के निर्देश पर जेल अधीक्षक ने प्रयागराज के संगम से गंगा जल मंगाया है, जो जिला जेल पहुंच गया है। 21 फरवरी को कारागार में निरुद्ध सभी बंदी आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य के भागीदार बनेंगे।

प्रयागराज महाकुंभ के संगम में अब तक 53 करोड़ से अधिक लोग आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। जिला कारागार में वर्तमान समय में कुल 992 बंदी निरुद्ध हैं। जेल अधीक्षक पीडी सलौनिया की पहल से जिला कारागार में भी बंद पुरुष और महिला बंदियों को भी संगम के पवित्र जल में स्नान करने का मौका मिलेगा। जेल अधीक्षक के आदेश पर जेल के एसआई बृजेश पाठक संगम से जल लेकर कारागार पहुंच गए हैं। 21 फरवरी को इस जल को जेल के स्नान टैंकों में मिलाया जाएगा। जिसमें महिला और पुरुष बंदी आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। स्नान करने से पहले जेल के स्नान टैंकों को फूलों और गमलों से भी सजाया जाएगा। 

जेलर हरबंश कुमार पांडेय ने बताया कि जिला कारागार में मौजूदा समय में 992 बंदी हैं। यह बंदी खुद महाकुंभ में स्नान करने नहीं जा सकते, लेकिन शासन के आदेश पर  संगम से जल मंगाकर उसमें स्नान करने का उन्हें अवसर दिया गया है। सभी बंदी 21 फरवरी को सुबह आठ बजे से एक घंटे तक संगम के जल से स्नान करेंगे। जेल अधीक्षक पीडी सलौनिया ने बताया कि कर्म और नियति का अदभुत संयोग 21 फरवरी को जेल में दिखेगा। अपने बुरे कर्मों की सजा काट रहे कैदी और बंदी इस दिन महाकुंभ के जल में स्नान करेंगे। नियती ने उनके लिए यह दिन तय किया होगा। इसकी बंदियों ने कभी कल्पना भी नहीं होगी।

ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी: पुलिस कार्यशैली से नाराज लोधी सेना ने एसपी कार्यालय पर किया प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग

संबंधित समाचार