पीलीभीत: विदेश भेजने के नाम पर ठगे 2.66 लाख, आइलेटस सेंटर संचालक की शिकायत
पीलीभीत, अमृत विचार। पुलिस की जांच के बीच पूरनपुर के एक और आईलेट्स सेंटर संचालक की शिकायत एसपी से की गई है। जिसमें विदेश भेजने के नाम पर युवक से 2.66 लाख रुपये की ठगी करने और धमकाने का आरोप लगा है।
सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के ग्राम किशनपुर हरीपुर के निवासी जसनूर पुत्र शहरुद्दीन ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि बी-फार्मा किया है। लंबे समय से रोजगार की तलाश कर रहा था। पूरनपुर के असम रोड निकट चाट फिरोजपुर के नजदीक एक आईलेट्स सेंटर के संचालक ने यूके इंग्लैंड भिजवाने का भरोसा दिलाया। डेढ़ साल पहले 2.10 लाख रुपये लिए। इसके अलावा खाते से 56390 रुपये फीस के नाम पर ट्रांसफर कराए गए थे। रकम दो बार में ली गई और कच्ची रसीदें दे दीं थीं। करीब पंद्रह माह तक चक्कर लगवाए। इस दौरान हर बार में कोई न कोई नया बहाना करके लौटा दिया जाता था। पिता ने जमीन बेचकर रुपये जमा किए थे। अब आरोपी रुपये वापस नहीं कर रहे हैं, न ही लिए गए पीड़ित के कागजात वापस किए गए। कई बार शिकायत की जा चुकी है। मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। 11 फरवरी को मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत की गई थी। आरोपियों ने धमकी दी है कि अगर रुपये वापस मांगने गए तो जान से मार देंगे। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
दरोगा ने कह दिया जाकर कोर्ट से आदेश करा लो
एसपी को दिए गए शिकायती पत्र में पीड़ित ने कोतवाली में तैनात एक दरोगा पर भी गंभीर आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पूर्व में जब उसने शिकायत की थी। इस पर 16 दिसंबर 2024 को दरोगा ने कोतवाली पूरनपुर बुलवाया था। वहां पर आरोपी दरोगा के पास ही बैठे हुए थे। पूछताछ के बाद दरोगा ने कम रुपये वापस लेने का दबाव बनाया। जब मना किया तो दरोगा ने ये कहकर टाल दिया कि कोर्ट से मुकदमे का आदेश करा लो। किसी तरह की कोई सुनवाई नहीं की गई।
ये भी पढ़ें - पीलीभीत: किसान पर हमलावर हुआ बाघ तो भागकर बचाई जान, ग्रामीणों में दहशत
