Lucknow News : शादी तोड़ने पर इंजीनियर से छेड़छाड़, एसिड अटैक की धमकी
वूमेन पॉवर लाइन में शिकायत के बाद पीड़िता ने महानगर कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट
Lucknow, Amrit Vichar: अनैतिक संबंधों की जानकारी होने पर इंजीनियर युवती ने शादी से इनकार कर दिया तो युवक और उसके पिता ने धमकाया। वह नहीं मानी तो युवक ने जलकल कार्यालय में घुसकर युवती से छेड़छाड़ की और एसिड अटैक की धमकी दी। अन्य कर्मचारियों ने आरोपी को पकड़ा लेकिन वह धक्का देकर भाग निकला। वूमेन पॉवर लाइन में शिकायत के बाद युवती ने महानगर कोतवाली में युवक और उसके पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कठौता निवासी युवती (24) जलकल में इंजीनियर है। उसने बताया कि करीब दो वर्ष पहले बस्ती पुरैना निवासी आशीष वर्मा से रिश्ता तय हुआ था। शादी से कुछ वक्त पहले आशीष के अनैतिक संबंधों की जानकारी होने पर रिश्ता करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि आशीष और उसके पिता जय प्रकाश ने शादी करने का दबाव डाला। न मानने पर कहीं और शादी करने पर अंजाम बुरा होने की धमकी दी थी। आरोपी ने पीड़िता को कॉल और व्हाट्सएप पर परेशान करना शुरू कर दिया।युवती ने बताया कि 7 नवंबर को महानगर स्थित कार्यालय में काम कर रही थी। इस बीच केबिन में अकेला देखकर आशीष अंदर आ गया और अश्लील हरकत करने लगा। विरोध करने पर गाली-गलौज कर चेहरा जलाने की धमकी दी। शोर मचाने पर सहकर्मियों ने आशीष को पकड़ा था लेकिन वह धक्का देकर भाग निकला। पीड़िता ने वूमन पॉवर लाइन में शिकायत की है। बताया कि आशीष करीब दो वर्ष से परेशान कर रहा है।
अश्लील फोटो बनाकर घर पर फेंकी
वूमन पॉवर लाइन में शिकायत करने पर आशीष की ओछी हरकत बंद नहीं हुई। इंजीनियर की फोटो को एडिट कर गलत तस्वीरें और वीडियो बनाई। जिसे वायरल करने की धमकी देने लगा। पीड़िता के घर में भी कुछ अश्लील फोटो और पत्र फेंके गए। परेशान होकर पीड़िता ने घर में सीसी कैमरे लगवाए।
16 नंबरों से किया परेशान, रिश्ता तोड़वाने का प्रयास
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पूर्व घर से ऑफिस जाते वक्त स्विफ्ट डिजायर और बाइक से कुछ लोगों ने पीछा किया। उसे कार से कुचलने का प्रयास भी आरोपियों ने किया था। तीन माह के अंदर आरोपी अलग अलग 16 मोबाइल नंबरों से परेशान कर रहा है। आरोपी ने व्हाट्सएप पर गलत बातें लिखकर रिश्ता तोड़वाने का प्रयास किया।
यह भी पढ़ें- Muzaffarnagar accident : डिवाइडर से टकराकर पलटी बस : 36 बाराती घायल
