लखीमपुर खीरी: बाहर से नौकरी करने आए हो औकात में रहो, नहीं तो नौकरी नहीं करने दूंगा
अवैध रूप से जंगल में घूम रहे थे युवक, टोकने पर भड़के आरोपी
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना भीरा की रायपुर वन बीट में बाइक सवार चार लोगों ने जंगल में गस्त कर रहे वन दरोगा से जमकर अभद्रता की। गाली गलौज करते हुए हाथापाई करने पर उतर आए। आरोपियों ने उनकी कार को भी तोड़फोड़ डाला। साथ ही धमकी दी कि तुम्हे नौकरी करने नहीं दूंगा। वन दरोगा ने पुलिस को तहरीर दी है।
गोला वन रेंज की रायपुर बीट के वन दरोगा नरेश कुमार ने बताया कि वह रायपुर बीट में कार से गश्त कर रहे थे। शाम करीब 05:25 बजे दो बाइकों पर सवार होकर चार लोग जंगल के अंदर आते दिखाई दिए। उन्होंने बाइक सवारों को रोक लिया। पूछने पर चारों ने अपना नाम क्रमश: अखिलेश राज पुत्र रामऔतार, शर्मा पुत्र बालकराम निवासी पड़रिया तुला, विजय कुमार उर्फ वर्मा राज और लालताप्रसाद पुत्र डालचंद निवासी वैबहा मुन्नू सिंह बताया।
वन दरोगा ने जब जंगल में अनाधिकृत रूप से प्रवेश करने के बारे में युवकों से पूछा तो चारों युवक भड़क गए। वन दरोगा का आरोप है कि चारों युवक गाली गलौज कर हमलावर होने लगे। उन्होंने जब इसका विरोध किया तो हमलावरों ने उनकी कार को क्षतिग्रस्त कर दिया और जान से मार देने की धमकी देते हुए चले गए। कुछ देर बाद चारों आरोपी दोबारा पहुंचे और कहा कि बाहर से नौकरी करने आए हो औकात में रहो, नहीं तो नौकरी नहीं करने दूंगा। पीड़ित वन दरोगा ने थाना भीरा पुलिस को आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
वन दरोगा की तहरीर पर सुंसगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी- पुष्पराज कुशवाहा प्रभारी निरीक्षक थाना भीरा
ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: फरधान आरओबी...18 दिन और रात भी पड़े कम, 25 फरवरी तक बंद रहेगा आवागमन
