Kanpur: बाइक सवार जिगरी दोस्त डिवाइडर से टकराए, मौत, महाकुंभ से लौटकर वापस अलीगढ़ जा रहे थे
कानपुर, अमृत विचार। अरौल थानाक्षेत्र में हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। जहां प्रयागराज से लौटकर अलीगढ़ वापस घर जा रहे बाइक सवार जिगरी दोस्तों को तेज रफ्तार ट्रक की साइड से टक्कर लग गई। इससे वह लोग सीधे डिवाइडर से टकरा गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने गंभीर घायल दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों के पास मिले दस्तावेजों से परिजनों को सूचना की तो चीखपुकार मच गई। पुलिस हादसे के बाद ट्रक का पता लगाने के लिए सीसीटीवी खंगाल रही है।
जिला अलीगढ़ के थाना गांधी पार्क के विकास नगर गली नंबर दो निवासी नरेश शर्मा का 22 वर्षीय पुत्र डिंपल शर्मा उर्फ डब्बू पिता के साथ प्राइवेट काम करता था। परिवार में वह इकलौता था वहीं मां कलावती के अलावा दादी सरोज के अलावा बहन ज्योति, वर्षा और रेशमा है। चाचा मनोज शर्मा ने बताया कि वह घर के पास रहने वाले बाबा कालोनी निवासी राजू के 24 वर्षीय पुत्र विशाल शर्मा के साथ बाइक से प्रयागराज महाकुंभ स्नान करने के लिए सोमवार शाम को निकले थे।
विशाल के परिवार में बड़ी बहन वीनेश, व छोटा मोहित है। विशाल के चाचा दीनदयाल ने बताया कि वह लोग सोमवार को यह बोलकर निकले थे, कि अलीगढ़ स्टेशन पर बाइक स्टैंड में खड़ी करने के बाद ट्रेन से प्रयागराज निकल जाएंगे। लेकिन झूठ बोलकर वह लोग बाइक से ही प्रयागराज पहुंच गए। यहां मंगलवार को उन लोगों ने सुबह स्नान किया। इसके बाद वहां से अलीगढ़ के लिए फिर से निकल लिए। बताया कि अरौल थानाक्षेत्र में हाईवे पर पहुंचे ही थे, तभी उन लोगों से बात हुई थी।
इसके बाद रात करीब 8.30 बजे पुलिस ने सूचना दी कि दोनों हादसे में घायल हो गए है, वह लोग जल्दी पहुंच जाएं। परिजन आनन-फानन गाड़ी किराए पर करके वहां पहुंचने के लिए निकल लिए। यहां हैलट में दोनों के शव मिले। जिससे देखकर उन लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई। बताया कि दोनों बहुत जिगरी दोस्त थे। परिजनों के अनुसार पुलिस ने बताया कि बाइक सवार काफी तेज स्पीड में थे, इस दौरान हाईवे पर ट्रक का साइड लग गया जिससे वह सीधे डिवाइडर से टकरा गए और जान चली गई। अरौली थाना प्रभारी के अनुसार ट्रक के बारे में जानकारी की जा रही है।
पिता के साथ हाथ बंटाते थे
परिजनों ने बताया कि दोनों पिता की तरह प्राइवेट नौकरी कर घर का पूरा खर्चा उठाते थे। इस हादसे ने दोनों परिवारों को झकझोर कर रख दिया। दोनों मृतकों के चाचा ने बताया कि हादसे में मौत की खबर मां को नहीं दी गई। उनसे बताया गया कि दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है, लेकिन जब शव पहुंचे तो कोहराम मच गया।
यह भी पढ़ें- Kanpur: दागी सूची से हटाने को चार अधिवक्ताओं ने सौंपे दस्तावेज, कही ये बात...
