Kanpur: दागी सूची से हटाने को चार अधिवक्ताओं ने सौंपे दस्तावेज, कही ये बात...
कानपुर, अमृत विचार। दागी अधिवक्ताओं की सूची जारी होने के बाद कचहरी में हड़कंप मच गया था। जिसके बाद अधिवक्ताओं ने बैठक कर आपत्ति दर्ज कराई थी। इस पर कमिश्नरेट पुलिस के अफसरों अपनी आपत्ति दर्ज कराने के लिए कहा था। इसी के चलते बुधवार को चार अधिवक्ताओं ने अपने मुकदमों से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत कर उन्हें सूची से हटवाने के लिए प्रत्यावेदन किया। इस पर दो मुकदमों की जांच एडिशनल पुलिस कमिश्नर हरीश चंदर को सौंपी गई है, जबकि दो मुकदमे हटाने का निर्णय लिया गया है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त विपिन मिश्रा के कार्यालय में बुधवार को चार अधिवक्ता पहुंचे। दो अधिवक्ताओं ने अपने मुकदमों से जुड़े दस्तावेज सौंपते हुए कहा कि उन पर शांतिभंग के तहत कार्यवाही हुई थी। आपस में समझौता होने के बाद मामला समाप्त हो गया था। इसके बाद भी मुकदमा सूची में दर्ज है। इसी तरह दो अन्य अधिवक्ताओं ने अपने मुकदमों के दस्तावेज सौंपते हुए कहा कि उन पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगा था।
यह मामला आपसी समझौते के बाद न्यायालय में निस्तारित हो चुका है। इस पर संयुक्त पुलिस आयुक्त ने इन दोनों मामलों की जांच अपर पुलिस आयुक्त हरीश चंदर को सौंपी है। जांच में मामला सही पाए जाने पर इन दोनों मुकदमों को हटाया जाएगा। कमिश्नरेट पुलिस ने तीन दिन पहले 274 अधिवक्ताओं के मुकदमों की सूची जारी करने के साथ ही उसे संशोधित करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है।
