Kanpur: 20 एमएलडी सीईटीपी के कार्य 15 मार्च तक करने होंगे पूरे, नगर निगम अधिकारियों को इस बात पर लगी फटकार...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। जाजमऊ स्थित 20 एमएलडी सीईटीपी के बचे कार्य हर हालत में 15 मार्च तक पूरे करने होंगे। बुधवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में सीईटीपी प्रोजेक्ट की समीक्षा की और कार्यदायी संस्था वीए टेक वाबाग को निर्धारित समय में 340 टेनरी इकाइयों के संयोजन का काम पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान एरिगेशन चैनल के क्षतिग्रस्त भाग को सही न करने पर नगर निगम के अधिकारियों से नाराजगी भी जताई।

जिलाधिकारी ने विभिन्न पंपिंग स्टेशनों के लिए समय सीमा तय की है। पंपिंग स्टेशन 1 और 3 के लिए 15 मई, पंपिंग स्टेशन 2 के लिए 31 अगस्त और पंपिंग स्टेशन 4 के लिए 15 मार्च तक काम पूरा करना होगा। इस दौरान टेनरी इकाइयों में कन्वेंस चैनल की स्थापना, चैंबर निर्माण और जेडएलडी, सीसीआरयू कंपोनेंट का काम भी पूरा करना है। कार्यदायी संस्था ने काम में देरी के लिए बाधाओं का हवाला दिया, जिसपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि संस्था ने प्रोजेक्ट शुरू करने से पहले स्थल का निरीक्षण कर योजना बनाई थी और अनुबंध पर हस्ताक्षर किए थे। 

समीक्षा में नगर निगम द्वारा संचालित सिंचाई चैनल की खराब स्थिति भी सामने आई। कई स्थानों पर टूटे चैनल की मरम्मत के लिए बार-बार सूचना देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसपर नगर आयुक्त को पत्र लिखकर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिये। बैठक में उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अमित मिश्रा, सीईटीपी के सचिव, वा बाग लिमिटेड चेन्नई के प्रोजेक्ट मैनेजर देवानंद और ट्वाइस के परामर्शी नजीर हुसैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- Fatehpur: पेट्रोल पंप के सेल्समैन व मैनेजर को दबंगों ने घसीट-घसीटकर पीटा, वीडियो वायरल

 

संबंधित समाचार