संभल : राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा कल्कि धाम -आनंदीबेन पटेल
ऐंचौड़ा कम्बोह में राज्यपाल ने किया कल्कि धाम के मिट्टी उत्खनन कार्य का शुभारंभ
संभल, अमृत विचार। संभल के ऐंचौड़ा कम्बोह में श्री कल्कि धाम स्थापना दिवस समारोह में पहुंचीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने धाम निर्माण के लिए मिट्टी उत्खनन कार्य का शुभारंभ किया। राज्यपाल ने कहा कि कल्कि धाम युग युगांतर तक राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का कार्य करेगा। धाम का आकार लेता वास्तविक स्वरूप अथक परिश्रम का प्रतिफल है। राज्यपाल ने पीएम श्री विद्यालय इटायला माफी में आयोजित कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की।
श्री कल्कि धाम पहुंचीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सबसे पहले शिलाओं का पूजन किया। इसके बाद कुदाल से मिट्टी खोदकर मिट्टी उत्खनन कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत व समृद्धि के इस अद्भुत कालखंड में यह कार्य न केवल एक भव्य धार्मिक स्थल का शुभारंभ है जबकि हमारे देश और समाज की आध्यात्मिक उन्नति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है। राज्यपाल ने धाम निर्माण के लिए समाज से सहयोग का आह्वान करते हुए कहा कि सामाजिक सहयोग से ही यह कार्य पूर्ण होगा। बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा, गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री दिगम्बर कामथ, बोनी कपूर, मनोज मुंतसिर, आचार्य सुधांशु जी महाराज, मणिन्द्र जैन ने भी विचार रखे। इसके बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल पीएम श्री विद्यालय इटायला माफी पहुंचीं। वहां विभिन्न स्टालों का निरीक्षण करते हुए हैंडीक्राफ्ट उत्पाद, सब्जियों से बनने वाले खाद्य पदार्थ आदि के बारे में जानकारी ली। आठ दिव्यांगों को ट्राई साइकिल वितरित की। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, समूह की महिलाओं, मुख्यमंत्री कन्या समुंगला योजना की लाभार्थी छात्राओं को किटें वितरित कीं। वहीं राजभवन से आईं 100 पुस्तकें पीएम श्री विद्यालय के लिए दीं। राज्यपाल ने जनसंवाद करने के बाद अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ.अनामिका यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह रिंकू, डीएम डॉ.राजेंद्र पैंसिया, एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई, स्कूल के प्रधानाध्यापक कपिल मलिक आदि मौजूद रहे।
