Kanpur Dehat: सड़क हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत, 13 घायल, महाकुंभ से लौट रहे थे, तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात, अमृत विचार। प्रयागराज महाकुंभ में स्नान कर दिल्ली लौट रहे 15 श्रद्धालुओं से भरी पिकअप गाड़ी में खानचंद्रपुर गांव के सामने पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे पिकअप डिवाइडर पर चढ़कर पलट गया और सभी श्रद्धालु घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें मेडिकल कालेज भेजा, जहां बिहार के रहने वाले दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 13 घायलों का इलाज चल रहा है। 

बिहार प्रांत के कटिहार जनपद के खगड़िया, नागलोई, दरभंगा, बेगूसराय और छपरा के रहने वाले 15 श्रद्धालु दिल्ली से पिकअप में सवार होकर प्रयागराज महाकुंभ स्नान के लिए गए थे। वहां से मंगलवार की देर शाम सभी श्रद्धालु पिकअप में सवार होकर वापस दिल्ली जा रहे थे। रनियां थाना क्षेत्र के खानचंद्रपुर गांव के सामने बुधवार भोर करीब चार बजे नेशनल हाईवे-2 पर तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे पिकअप डिवाइडर पर चढ़कर हाईवे पर पलट गया।

IMG-20250219-WA0131

हादसे से श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को राजकीय मेडिकल कालेज अकबरपुर भेजा, जहां उपचार के दौरान बिहार के बेगूसराय जनपद के बलिया थाना क्षेत्र के मिल्की चक निवासी दया देवी (50) और मथोल दरभंगा (वर्तमान पता मकान नंबर-64 छाजू कॉलोनी कमरुद्दीन नगर नागलोई वेस्ट दिल्ली) निवासी ध्यान साहू (48) की मौत हो गई, जबकि 13 घायलों का उपचार किया जा रहा है। रनियां थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद ट्रक व चालक की तलाश की जा रही है।

हादसे में ये हुए घायल

बिहार के जनपद कटिहार के थाना मनिहारी के ग्राम बोलिया निवासी मनीषा देवी (27), उनके पति अरविंद मंडल (38), पुत्र गोलू (8), पुत्री अंशिका (4), यहीं की आरती (15), जनपद खगड़िया के थाना बहादुरपुर के कुम्भा पट्टी निवासी रमेश (38), उनकी पत्नी सोनम (32), पुत्री रिया (12), पुत्र निलेश (10), जनपद नागलोई के थाना नागलोई निवासी प्रिंस (40), जनपद दरभंगा के मथोल निवासी मंजू देवी (28), दरभंगा के शिवसारी बिठौली निवासी सावित्री देवी (40) व जनपद छपरा के थाना जलालपुर क्षेत्र के भट्ट केसरी निवासी अम्बावती (35) घायल हो गई।

बोनट में फंसा पिकअप चालक

खानचंद्रपुर गांव के सामने ट्रक की पिकअप इतनी जबरदस्त टक्कर थी कि वह डिवाइडर के ऊपर चढ़कर पलट गई। पिकअप चालक बोनट में फंस गया। काफी मशक्कत के बाद भी उसे निकाला नहीं जा सका। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन बुलाकर बोनट में फंसे चालक को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

संबंधित समाचार