हरदोई: पाली थाने में तैनात चौकीदार की खेत में मिली लाश, भतीजों ने कहा- हमने कर दी हत्या, पुलिस ने लिया हिरासत में

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई। हरदोई के पाली थाने का चौकीदार खेत से चारा लेने गया हुआ था, वहीं उसका शव पड़ा हुआ देखा गया। शव देखते ही वहां हड़कंप मच गया। उसी बीच आरोपी भतीजे गांव में घूम-घूम कर कहते सुने गए कि 'हां, उन्होनें ही चौकीदार चाचा को मौत के घाट उतारा। इसका पता होते ही पुलिस ने हत्यारोपी दो भतीजों और एक उसके पुत्र को हिरासत मे़ं लेते हुए पूछताछ शुरू कर दी है।

बताया गया है कि पाली थाने के मोहल्ला सुलह सराय निवासी 40 वर्षीय राकेश उर्फ कल्लू पुत्र जगदीश प्रसाद थाने में चौकीदार था, उसके परिवार में पत्नी नीतू के अलावा एक बेटी प्रियंका और दो बेटे अंशू व नैतिक है। राकेश उर्फ कल्लू के चार भाइयों में दो बड़े और एक उससे छोटा भाई है।

बुधवार की शाम को वह जानवरों के लिए चारा लेने खेत पर गया हुआ था। उसी बीच कुछ लोगों ने चौकीदार का शव वहीं खेत में पड़ा हुआ देखा, शव मिलने से मौके पर हड़कंप मच गया। उसी बीच चौकीदार राकेश उर्फ कल्लू के भतीजे गुड्डू, रिंकू और गुड्डू के पुत्र छोटू लोगों के बीच कहते सुने गए कि उन्ही लोगों ने चाचा (चौकीदार) को मौत के घाट उतार दिया। 

इसका पता होते ही वहां पहुंची पुलिस ने हत्या करने की बात कुबूल कर रहे दोनों भतीजों गुड्डू,रिंकू और गुड्डू के पुत्र छोटू को हिरासत में ले कर उनसे पूछताछ शुरु कर दी है। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच करते हुए चौकीदार की मौत की वजह तलाश रही है, साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस बारे मे़ आगे कुछ कहा जा सकता है। उधर चौकीदार के घर वालों का रो-रो कर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें:-शपथ से पहले रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान- दिल्ली में महिलाओं को 2,500 रुपये मासिक सहायता 8 मार्च तक मिल जाएगी 

संबंधित समाचार