Barabanki News : विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति समेत पांच पर दहेज हत्या की रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

Barabanki, Amrit Vichaar : थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने दहेज की मांग न पूरी होने पर डंडे से पीट कर हत्या करने का आरोप लगाया। वहीं ससुराल पक्ष ने सोते समय बेड से गिरने पर मौत होना बताया। फारेंसिक टीम ने मौके की जांच की वहीं पुलिस मृतका के पिता की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। 

जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के अशोकपुर चाचू सराय गांव के रहने वाले सूर्य प्रकाश वर्मा की पत्नी शिवानी वर्मा 22 की बुधवार की देर रात संदिग्ध मौत हो गई। गुरुवार को परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस व मृतका के मायके पक्ष को दी। कुछ ही देर में पुलिस व मायका पक्ष के लोग गांव पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पति सूर्य प्रकाश के अनुसार सोते समय उसकी पत्नी शिवानी बेड से गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं लोगों का कहना है कि मृतका के चेहरे व गले पर चोट के निशान देखे गए वहीं चेहरे की हड्डी टूटी है। जिससे साफ है कि उस पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया है।

सूचना पाकर कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी ने घटनास्थल की जांच की। वहीं गांव पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगर प्रिंट व अन्य चीजों के निशान व नमूने एकत्र किए। उधर गोंडा जिला थाना करनैलगंज के नयापुरवा मजरे गुड़वलिया गांव के रहने वाले मृतका के पिता राजदेव वर्मा ने बताया कि उनकी पुत्री शिवानी का विवाह 10 मई 2023 को हुआ था। शादी के बाद से ही दहेज के लिए उनकी पुत्री को प्रताड़ित किया जा रहा था। दहेज के लिए उनकी पुत्री की लाठी डंडे से पीट कर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने आरोपी पति सूर्य प्रकाश वर्मा, ससुर जंग बहादुर वर्मा, जेठ सुशील कुमार वर्मा, जेठानी मधु वर्मा व देवर विमल वर्मा के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया वहीं महिला आरोपी को छोड़ कर पुलिस ने सभी हिरासत में ले लिया। कोतवाल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होगा।

यह भी पढ़ें- Barabanki News : ब्लाक प्रमुख के खिलाफ फिर पेश हुआ अविश्वास प्रस्ताव

संबंधित समाचार