अमरोहा: प्रेमी की धमकी...दूसरे से शादी की तो बर्बाद कर देगा जिंदगी, युवती ने आवेदन वापस लिया
अमरोहा, अमृत विचार। एक युवती के परिजनों ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में शादी करने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था। बाद में उसने शादी करने से इन्कार कर दिया। युवती ने कहा कि प्रेमी ने उसको धमकी दी है कि शादी करने पर उसकी जिंदगी बर्बाद कर देगा। ऑनलाइन आवेदन की रिपोर्ट मिलते ही जांच करने पहुंचे नगर पालिका कर्मियों के सामने बिफरते हुए उसने शादी करने से साफ मना कर दिया। वजह पूछने पर बोली-प्रेमी धमकी दे रहा है कि शादी कर ली तो वह उसकी जिंदगी बर्बाद कर देगा। युवती की शादी का आवेदन निरस्त कर दिया गया है।
नगर पालिका की तरफ से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह के तहत शादी के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। 22 फरवरी को जोया के पास गांव नारंगपुर में मैदान में होने वाले भव्य समारोह की तैयारियां की जा रही हैं। पालिका प्रशासन को 300 के करीब लक्ष्य दिया गया है। अभी तक मात्र 100 आवेदन मिले हैं। ऑनलाइन मिले आवेदनों की जांच शुरू कर दी गई है। बुधवार को नगर पालिका को शहरी आबादी में शामिल हुए एक गांव की युवती की शादी का आवेदन मिला था। पालिका कर्मी इसकी जांच के लिए युवती के घर गए थे। युवती ने शादी करने से साफ इन्कार कर दिया। वजह पूछने पर उसने बताया कि अगर शादी कर ली तो प्रेमी उसकी जिंदगी दूभर कर देगा। लिहाजा उसे फिलहाल शादी नहीं करनी है। काफी समझाने के बाद भी अपनी जिद पर अड़ी बेटी का बदला रुख देख परिजनों ने आवेदन वापस लेने की सहमति दे दी।
बताया जा रहा है कि युवती का पास के गांव में रहने वाले युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। परिवार की आर्थिक हालत कमजोर है, लिहाजा योजना का फायदा उठाने के लिए परिजनों ने जल्दी जल्दी में वर ढूंढकर शादी के लिए आवेदन कर दिया था। ऐसा करने से पहले उन्होंने युवती से उसकी मर्जी भी जानी थी। तब उसने शादी के लिए हामी भर दी थी। लेकिन जब दूसरी जगह शादी होने की भनक उसके प्रेमी को लगी तो उसने युवती को धमकी दे डाली। बोला, अगर उसने किसी और की दुल्हन बनने के बारे में सोचा भी लिया तो तेरी और अपनी जिंदगी बर्बाद कर दूंगा। इस धमकी के बाद युवती ने शादी करने से मना कर दिया।
ये भी पढ़ें - Amroha : महाशिवरात्रि को लेकर तैयारियां जोरों पर, सजने लगे शिवालय...पुलिस की रहेगी कड़ी नजर
