Amroha : महाशिवरात्रि को लेकर तैयारियां जोरों पर, सजने लगे शिवालय...पुलिस की रहेगी कड़ी नजर
अमरोहा, अमृत विचार। महाशिवरात्रि पर कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने रोड मैप तैयार कर लिया है। गुरुवार से कांवड़ लेने के लिए श्रद्धालु हरिद्वार रवाना होंगे। बरेली, संभल, मुरादाबाद, रामपुर समेत कई जनपदों के शिवभक्त हरिद्वार से कांवड़ लेकर अमरोहा जिले से गुजरते हैं।
26 फरवरी को मंदिर और शिवालयों में महाशिवरात्रि का मुख्य जलाभिषेक होगा। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण संपन्न कराना प्रशासन के लिए कड़ी चुनौती से कम नहीं है। कांवड़ यात्रा को लेकर अमरोहा-बिजनौर मार्ग, नेशनल हाईवे से लेकर धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। इस संबंध में पुलिस और प्रशासन के आलाधिकारी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। कुछ दिन पहले डीएम निधि गुप्ता ने कलेक्ट्रेट में बैठक कर अधिकारियों को टूटी फूटी सड़कों की मरम्मत करने के निर्देश दिए गए थे।
इसके अलावा डीएम और एसपी अमित कुमार आनंद ने भी मार्ग पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने, लटके और टूटे बिजली के तार को ठीक कराने के लिए कहा गया था। वहीं कांवड़ यात्रा को लेकर जगह-जगह प्वाइंट्स बनाए गए है जहां पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। नेशनल हाईवे से लेकर अमरोहा-बिजनौर मार्ग पर पुलिस का पहरा रहेगा। क्योंकि हरिद्वार से कांवड़ियों के जत्थे अमरोहा-बिजनौर मार्ग से होते हुए मुरादाबाद, गजरौला, अमरोहा, संभल आदि मार्गों के लिए गुजरते हैं। इसी के चलते नेशनल हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाएगी। हाईवे और स्टेट हाईवे पर रात्रि गस्त भी बढ़ाई जाएगी।
सजने लगे शिवालय, पुलिस की रहेगी कड़ी नजर
26 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन वासुदेव तीर्थ स्थल और प्राचीन गजस्थल मंदिर पर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। महाशिवरात्रि से पहले ही मंदिरों की सजावट शुरू हो गई है। मंदिरों को आकर्षक तरीके से सजाया जा रहा है। वहीं पुलिस ने भी महाशिवरात्रि पर शहर और क्षेत्र के प्रसिद्ध शिवालयों की सूची तैयार कर ली है। जहां जलाभिषेक होगा। मंदिरों पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े बंदोबस्त किए जाएंगे। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे से भी शिवालयों पर नजर रखी जाएगी।
नेशनल हाईवे पर होगा रूट डायवर्जन
महाशिवरात्रि पर निकलने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कांवड़ यात्रा के दौरान नेशनल हाईवे पर रूट डायवर्जन किया जाएगा। हाईवे पर भारी वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। कांवड़ यात्रा के दौरान वाहनों का संचालन बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन का खाका तैयार कर लिया गया है। एएसपी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुों की संख्या बढ़ती है तो 23 फरवरी से नेशनल हाईवे पर रूट डायवर्जन किया जाएगा। नहीं तो महाशिवरात्रि से एक दिन पहले रूट डायवर्जन होगा।
कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाकचौबंद रहेगी। मुख्य रूप से अमरोहा-बिजनौर रोड, चांदपुर-धनौरा रोड, नेशनल हाईवे पर पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। शिवभक्तों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता रहेगी। इसके अलावा फोर्स की भी डिमांड की गई है।-राजीव कुमार सिंह, एएसपी
ये भी पढ़ें : Amroha : श्री झारखंड महादेव शिवाला मंदिर पर होती है मुराद पूरी, मंदिर में भगवान भोलेनाथ निराकार रूप में है विराजमान
