कासगंज : खेत में पानी लगा रहे युवक को सर्प ने डसा, परिजन में मचा कोहराम
कासगंज, अमृत विचार। खेत में पानी लगा रहे एक युवक को सर्प ने डस लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। उसकी मौत से परिजन में कोहराम है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पटियाली क्षेत्र के ग्राम प्रतापपुर निवासी यशवीर (35) पुत्र राजेंद्र शुक्रवार की सुबह गेहूं के खेत में पानी लगाने के लिए गया हुआ था। जहां उसके बाएं पैर में सर्प ने डस लिया।जब वह काफी समय तक वापस घर नहीं पहुंचा तो परिजन को चिंता हुई। परिजन खेत पर पहुंचे तो उसका शव देखकर उनमें कोहराम मच गया। उसके पैर में सर्प दंश के निशान थे। मामले की जानकारी पर अन्य ग्रामीण भी एकत्रित हो गए। परिजन ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक यशवीर की मौत से उसके पुत्र अभिषेक (15) एवं आकांक्षा (09) के सिर से पिता का साया उठ गया। उसकी मौत से पत्नी पूनम का रो रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें - कासगंज : ट्यूबवेल की लाइन पर कार्य कर रहे ग्रामीण की करंट से मौत
