लखीमपुर खीरी : संदिग्ध हालत में तालाब किनारे मिला किशोरी का शव, हत्या की आशंका
गले पर देखे गए निशान, बड़ी बहन के घर रहती थी किशोरी
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। भीरा थाना क्षेत्र के मुड़ा बुजुर्ग गांव में देर शाम पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद पत्नी की छोटी बहन की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उसका शव शुक्रवार की सुबह गांव के बाहर तालाब के किनारे बरामद हुआ है। उसके गले पर चोटों के निशान मिलने पर हत्या की आशंका जताई जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजते हुए छानबीन शुरू कर दी है।
गोला कोतवाली क्षेत्र के चौरठिया गांव की रहने वाली सुनीता (15) अपने मां-बाप के न रहने के बाद अपनी बड़ी बहन शांति के घर थाना भीरा के गांव मूड़ा बुजुर्ग में रहती थी। बताते है गुरुवार की रात मृतका की बहन शांति और उसके पति दिनेश के बीच किसी बात को लेकर लड़ाई झगड़ा हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। बहन शांति के अनुसार उसकी बहन बीच बचाव करने आई थी, जिसे बहन के जीजा दिनेश ने डांटकर भगा दिया था। उसके बाद सब सो गए। सुबह उठे तो सुनीता बिस्तर पर नही थी। शौच करने खेतों की तरफ गए कुछ ग्रामीणों ने सुनीता का शव गांव के बाहर तलाब किनारे पड़ा हुआ देखा। शव देखे जाने से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर तमाम ग्रामीण और मृतक की बहन भी मौके पर पहुंची। शव देखकर वह बिलखने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शव के गले पर निशान है। आशंका जताई जा रही है कि उसके साथ मारपीट की गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव पोस्टमार्टम को भेजते हुए जांच तेज कर दी है।
महिला अपराधों पर भी गंभीर नही है भीरा पुलिस
बिजुआ। किशोरी के शव बरामद होने के मामले में अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए पुलिस दिन भर चुप्पी साधे रही। भीरा प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज कुशवाहा गोला में मुख्यमंत्री के लिए बनाए गए हेलीपेड पर लगी होने के कारण वह गोला में थे, लेकिन थाने पर मौजूद अन्य जिम्मेदारों ने न तो फोन रिसीव किया और न ही कोई प्रेस नोट जारी किया। जब मीडियाकर्मियों ने इस पर नाराजगी जताते हुए इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से की तो देर शाम प्रभारी निरीक्षक ने प्रेस नोट जारी कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने की जानकारी दी।
ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी : प्रधान पद पर अंबारा से रितेश, लौकाही से राधा देवी और ओदारा से रामविलास चुनाव जीते
