प्राथमिक शिक्षक संघ का चुनाव : अध्यक्ष पद पर दिनेश व रणवीर के बीच सीधा मुकाबला 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

 Sultanpur, Amrit Vichar:  शिक्षकों का नेता बनने के लिए प्रतिष्ठापूर्ण प्राथमिक शिक्षक संघ के चुनाव में करीब तीन दशक बाद मतदान होने जा रहा है। इस बार अध्यक्ष पद पर दिनेश उपाध्याय और रणवीर सिंह के बीच सीधा मुकाबला है, जबकि मंत्री पर राम आशीष मौर्य व वैभव भटनागर आमने सामने हैं। रविवार को 618 डेलीगेट शिक्षक मतदान करेंगे। 

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ सुलतानपुर के तीन वार्षिक निर्वाचन 2025 का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार को अध्यापक भवन सिरवारा रोड पर प्रदेश संगठन द्वारा नामित निर्वाचन अधिकारी द्वय विनय तिवारी जिलाध्यक्ष गोंडा एवं डॉ संजय सिंह जिलाध्यक्ष अयोध्या की देख रेख में संपन्न हुआ। अध्यक्ष पद पर तीन नामांकन पत्र खरीदे गए। अध्यक्ष पद हेतु दो नामांकन पत्र दिनेश कुमार उपाध्याय एवं रणवीर सिंह ने जमा किया। जबकि, मुकेश सिंह ने पर्चा क्रय तो किया किंतु  जमा नहीं किया।

इसी प्रकार मंत्री पद हेतु दो नामांकन पत्र राम आशीष मौर्य एवं वैभव भटनागर द्वारा जमा किया गया। निर्वाचन अधिकारी द्वारा बताया गया कि अध्यक्ष एवं मंत्री पद हेतु जमा किए गए दोनों नामांकन पत्र वैध पाए गए। इस प्रकार प्रदेशीय संगठन के निर्देश पर जारी समय सारिणी के अनुसार मतदान 23 फरवरी को प्रातः 9 से 3 बजे तक अध्यापक भवन सिरवारा रोड सुलतानपुर पर संपन्न होगा। तत्काल मत गणना करके परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। निवर्तमान जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद पांडेय ने बताया कि 618 डेलीगेट मतदान करेंगे। करीब तीन दशक बाद मतदान होने जा रहा है। अब तक मनोनयन कर दिया जाता था। अब तक जो भी अध्यक्ष बनता था वह रिटायर्ड होने तक पद को सुशोभित करता रहता था। 

यह भी पढ़ें- केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में तीमारदार को गार्डों ने पीटा, Video सोशल मीडिया पर वायरल

संबंधित समाचार