लखीमपुर खीरी: मैरिज लॉन में दूल्हे के भाई की हत्या करने वालों की तलाश में टीम गठित
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शहर के हरिकरन गेस्ट हाउस में गुरुवार की रात दूल्हे के भाई की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में क्राइम ब्रांच, सर्विलांस के साथ ही तीन अन्य टीमों का गठन किया गया है। शहर कोतवाल की अगुवाई में हत्यारोपियों की तलाश में जुट गई हैं, लेकिन पुलिस अभी किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
शहर के गोला रोड स्थित हरिकरन गेस्ट हाउस में सीतापुर जिले के थाना तंबौर के गांव चंदीभानपुर निवासी कृष्णकांत वर्मा के पुत्र जितेंद्र वर्मा का वैवाहिक समारोह हो रहा था। जयमाल की तैयारियों के बीच किसी बात को लेकर दूल्हे के भाई आशीष वर्मा का दुल्हन के चचेरे भाई सुमित से विवाद हो गया था। इससे नाराज सुमित ने अपने साथी अविनाश और शिवम के साथ मिलकर आशीष वर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन में जुटी है। शहर कोतवाल अंबर सिंह ने बताया कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। इसके अलावा क्राइम ब्रांच और सर्विलांस सेल की टीम को भी लगाया गया हैं। गठित टीमों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर छापा मार रही है, लेकिन अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। टीमें हत्यारोपियों की लोकेशन जानने के लिए सर्विलांस सेल की भी मदद ले रही है। जल्द ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गिरफ्तारी के बाद खुलेगा हत्या का राज
हरिकरन मैरिज लॉन में दूल्हे के भाई आशीष वर्मा की हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। यहां तक जयमाल के दौरान आशीष वर्मा और जितेंद्र के बीच किस बात को लेकर मतभेद हुआ, जिससे जितेंद्र ने आपा खोया और उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। यह बात अभी तक खुलकर सामने नहीं आ सकी है। इससे हत्या के कारणों पर अभी पर्दा पड़ा हुआ है। पुलिस का कहना है कि पुलिस हत्या के पीछे होने वाले मूल कारणों का पता गहराई से लगा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की सही वजह साफ हो सकेगी।
सीतापुर पुलिस से भी ली जा रही मदद
आशीष वर्मा की गोली मारकर हत्या करने के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित टीमें सीतापुर पुलिस की भी मदद ली जा रही है। इसकी वजह यह है कि दुल्हन पक्ष के लोग भी सीतापुर जिले के ही रहने वाले हैं। टीमें थाना सीतापुर जिले के थाना बिसवां पुलिस के संपर्क में भी हैं और हत्यारोपियों की लोकेशन पता करने में मदद ले रही हैं।
ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी: ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर हड़पे 12.22 लाख रुपये, तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
