Pratapgarh: छात्रा से अश्लील हरकत के आरोप में निलंबित शिक्षक के समर्थन में उतरे छात्र, बहाली के लिए किया प्रदर्शन
बीएसए ने निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई का दिया आश्वासन
प्रतापगढ़, अमृत विचार। प्रतापगढ़ जिले के संडवा चंद्रिका ब्लॉक से आए परिषदीय विद्यालय के बच्चों ने शनिवार दोपहर निलंबित आरोपी सहायक अध्यापक अजंनी सिंह की बहाली के लिए बीएसए कार्यालय पर धरना दिया। अंजनी सर को बहाल करो के स्लोगन वाली तख्तियों को लेकर बच्चों ने बीएसए कार्यालय परिसर में नारेबाजी कर बीएसए को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बीएसए कार्यालय में काफी देर तक गहमाहमी रही। इसके बाद छात्राओं ने डीएम शिव सहाय अवस्थी को भी ज्ञापन सौंपा।
बीएसए को दिए ज्ञापन में छात्रों ने कहा है कि सहायक अध्यापक अंजनी सिंह पर लगाए गए सभी आरोप निराधार व असत्य हैं। बच्चों ने निवेदन किया कि पांच अप्रैल को ऑल इंडिया सैनिक स्कूल की परीक्षा होनी है,हमारे भविष्य को ध्यान में रखते हुए सहायक अध्यापक को तत्काल बहाल किया जाए ताकि छात्रों की परीक्षा पर कोई गलत प्रभाव न पड़े।
ज्ञापन में बच्चों ने हस्ताक्षर कर बहाली के समर्थन में आवाज बुलंद की। मालूम हो कि कुछ दिन पूर्व संडवा चंद्रिका ब्लॉक के एक विद्यालय में नियुक्त सहायक अध्यापक अंजनी सिंह पर छात्रा से अश्लील हरकत करने के मामले में बीएसए ने उन्हें निलंबित कर दिया था। बीएसए भूपेंद्र सिंह ने कहा कि जांच जारी है। रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्यवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेः Delhi CM Rekha Gupta: सड़कों और जलापूर्ति की स्थिति के लिए समीक्षा बैठक करेंगी सीएम रेखा गुप्ता
