Bareilly: 9 जर्जर सड़कों की डिजाइनिंग हुई, यूपीसीडा ने मरम्मत के लिए प्रस्ताव भेजा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। औद्योगिक क्षेत्र परसाखेड़ा की नौ जर्जर सड़कों की मरम्मत के लिए आईआईटी कानपुर की टीम ने डिजाइनिंग की है। इसके बाद यूपीसीडा ने प्रस्ताव बनाकर कानपुर मुख्यालय भेज दिया है। जल्द ही प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की संभावना जताई जा रही है।

परसाखेड़ा में छोटी-बड़ी मिलाकर करीब तीन सौ औद्योगिक इकाइयां हैं। क्षेत्र में जर्जर सड़कों की समस्या लंबे समय से है, जिससे उद्यमियों को काफी परेशानी हो रही है। सड़क संख्या 8, 9, 10, 12, 13, 14, 15, 26 और 28 की स्थिति बेहद खराब हो गई है।

इन सड़कों में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, और कई स्थानों पर बजरी उधड़ी हुई पड़ी है। उद्यमियों ने इस समस्या को कई बार अधिकारियों के सामने उठाया है, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला है। कई बार उद्यमी इस मुद्दे को लेकर विरोध भी कर चुके हैं।

पहले परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र नगर निगम के जिम्मे था, लेकिन शासन ने पिछले महीने इसमें बदलाव करते हुए परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र की जिम्मेदारी यूपीसीडा को सौंप दी थी। इसके बाद से यूपीसीडा ने इस समस्या का समाधान करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक मंसूर कटियार ने बताया कि परसाखेड़ा क्षेत्र की नौ सड़कों की मरम्मत का प्रस्ताव बनाकर कानपुर मुख्यालय भेजा जा चुका है। आईआईटी कानपुर की टीम ने इन सड़कों की डिजाइनिंग भी कर दी है। प्रस्ताव को इस माह मंजूरी मिलने की संभावना है, जिसके बाद काम शुरू कर दिया जाएगा।

बरसात में पैदल चलना भी मुश्किल, ट्रक भी फंस जाते हैं
परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सड़कों की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि बरसात में लोगों का इन सड़कों से पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। पिछली बरसात में घुटनों तक पानी भर गया था और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण फैक्ट्रियों में जाने वाले ट्रक और अन्य वाहन तक फंस गए थे। अगर इस बार सड़कों की मरम्मत नहीं की गई, तो बरसात में फिर से वही हालात बन सकते हैं।

ये भी पढ़ें- बरेली: संदिग्ध हालात में युवती की मौत, हत्या की आशंका

संबंधित समाचार