फतेहपुर में महिला की मौत: ससुरालियों पर हत्या का आरोप, पति समेत पांच लोगों पर FIR दर्ज 

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

फतेहपुर, अमृत विचार। किशनपुर थानाक्षेत्र के गुरुवल गांव में बीते बीस फरवरी को महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। महिला की मौत के बाद परिजनों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया था। बीते रविवार को पुलिस ने पति समेत पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। 

गुरुवल गांव निवासी धीरज सिंह की शादी धाता थानाक्षेत्र की रहने वाले सूरजवली की पुत्री गुड़िया देवी के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों साथ रहते थे। बीते 18 फरवरी को गुड़िया अपने पति धीरज के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गई थी। शादी के अगले दिन वह अपने पति के साथ घर पहुंची।

बीते बीस फरवरी को अचानक महिला को तेज बुखार आया और उसकी तबीयत खराब हो गई। महिला की हालत को खराब देखते हुए परिजन महिला को इलाज के लिए ले गए। जहां परिजनों ने महिला को आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डाॅक्टरों ने महिला की ब्लेड प्रेशर लो होने की बात कह कर किसी बड़े डाॅक्टर को दिखाने की सलाह दी। डाॅक्टर की सलाह के बाद परिजन महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल जा रहे थे उसी दौरान महिला की मौत हो गई। 

महिला की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। कुछ देर बाद महिला के मायके के लोगों को जानकारी दी गई। महिला की मौत की खबर सुन मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचे महिला के परिजनों ने ससुरालियों पर महिला को दहेज को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। 

महिला के परिजनों का आरोप है कि ससुरालियों द्वारा महिला को दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जाता था। जिसके चलते महिला की मौत हो गई। रविवार को पुलिस ने महिला के परिजनों की तहरीर पर पति धीरज सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जिसमें महिला की सास, ससुर अतर सिंह, देवर धीरू सिंह व ननद सोनू सिंह पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में किशनपुर थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें- फतेहपुर में लंकापति रावण, बाणासुर व जनक की बाइकें चोरी; वाहन गायब देख कलाकारों के उड़े हाेश, रामलीला का मंचन करने आए थे...

संबंधित समाचार