Kanpur में सेवानिवृत्त एयरफोर्स अधिकारी से धोखाधड़ी: बेटी, दामाद और पौत्रवधू पर आरोप, पीड़ित बोला- ऐसे बनाया शिकार...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। चकेरी थानाक्षेत्र में एक वृद्ध सेवानिवृत्त एयरफोर्स अधिकारी ने अपनी बेटी, दामाद और पौत्र वधू पर उनकी नकदी और जेवरात हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने डीसीपी पूर्वी के आदेश पर तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। 
   
मंगला विहार निवासी 82 वर्षीय सूरजबलि सेवानिवृत्त एयरफोर्स अधिकारी हैं। उनके अनुसार वह अपने बेटे अनिल, बहू अंजू पौत्री सूर्यांशी, पौत्र सौरभ और पौत्र वधू शिवांगी उत्तम के साथ रहते थे। लेकिन वर्ष 2023 में बेटी अनीता उत्तम और दामाद राजकुमार उत्तम के भड़काने पर पौत्र वधू उनसे रोजाना किसी न किसी बात को लेकर विवाद करने लगी। साथ ही बेटी और दामाद ने सूरजबलि को भी जान का खतरा होने की बात कहते हुए अपने घर पर रहने को कहा। 

इस पर सूरजबलि अपनी पत्नी रामकली के साथ 22 अक्टूबर 2023 में बेटी के घर रामादेवी में रहने चले गए। वे अपने सारे कागजात और जेवर भी बेटी के कहने पर लेकर गए थे। सूरजबलि ने बताया कि कुछ दिन वहां पर रहने के बाद बेटी और दामाद उनसे विवाद करने लगे और आश्रम में छोड़ आने की धमकी देते थे। जिसके बाद वह अपनी पत्नी के साथ 26 दिसंबर 2024 को वापस अपने घर आ गए। लेकिन नकदी और जेवरात और कागजात सब बेटी के घर पर छोड़ आए थे। 

कुछ दिनों बाद वे अपने कागजत समेत जेवरात लेने पहुंचे तो बेटी अनीता ने कहा कि कुछ जेवरात पौत्र वधू शिवांगी लेकर गई है। इतना ही नहीं उन्हें जानकारी हुई कि उनके खाते से भी रुपये निकाले गए हैं। साथ ही दस्तावेजों से छेड़छाड़ कर उनके सभी वाणिज्यिक संस्थानों में बेटी ने खुद को नॉमिनी बना लिया। इसके बाद उन्होंने चकेरी थाने में शिकायत की लेकिन वहां कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार सिंह से शिकायत की। इस संबंध में इंस्पेक्टर संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: पुलिस की लचर कार्रवाई से कारोबारी परेशान, बोला- आरोपी की सूचना देने वाले को दूंगा 51 हजार, जानिए मामला

 

संबंधित समाचार