Kanpur: कूड़े के ढेर से धू-धूकर जली होलसेल दुकान, लाखों का माल जलकर खाक, पुलिस पर ये गंभीर आरोप...
कानपुर, अमृत विचार। बर्रा थानाक्षेत्र में व्यापारी ने अपनी होलसेल परचून दुकान में कूड़े के ढेर से आग लगने का आरोप लगाया। बताया कि आग की चपेट में आकर उनका लाखों रुपये कीमत का सामान जलकर राख हो गया। इलाके में लगे कैमरों में कैद हुई घटना के फुटेज मांगने पर किसी ने कोई सहयोग नहीं किया न ही पुलिस झांकने तक पहुंची।
बर्रा-2 के हेमंत विहार निवासी मनीष यादव ने बताया कि उनकी बर्रा दो में माया महल गेस्ट हाउस के पास होलसेल परचून दुकान है। रोज की तरह वह शनिवार रात 10.30 बजे दुकान बंद करके घर चले गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि तकरीब 12 से 1 बजे के बीच में किसी ने दुकान के पास पड़े कूड़े में आग लगा दी, जिससे उनकी दुकान चपेट में आ गई। आग लगने के कारण दुकान धू-धूकर जलने लगी। जब तक उन्हें सूचना मिलती तब तक पूरी दुकान का सामान चपेट में ले लिया।
दुकान क सारा सामान जलकर राख हो गया। आग से उन्हें करीब सात से आठ लाख रुपये कीमत का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे तो दुकान धू-धूकर जल रही थी। जिसके बाद उन्होंने दमकल और पुलिस को सूचना दी। पीड़ित का आरोप है, कि देर रात हुई घटना के बाद दूसरे दिन रविवार शाम तक भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची और न ही घटना के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की।
पीड़ित का आरोप है, कि दिनभर वह आसपास के घर में लगे कैमरों को देखने के लिए गुजारिश करते रहे लेकिन सब ने फुटेज दिखाने से मना कर दिया। आरोप है, जिस गेस्ट हाउस में घटना पूरी कैद हुई होगी। वहां के जिम्मेदार से फुटेज के लिए कहा तो उसने कैमरा खोलकर अंदर रख लिया। इस संबंध में बर्रा इंस्पेक्टर नीरज ओझा के अनुसार घटना की जांच की जा रही है।
