किशोरी को बंधक बनाकर किया दुष्कर्म : महिला के बुलाने पर पीड़िता गई थी, घर में बनाया था बंधक

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

लखनऊ, अमृत विचार : काकोरी इलाके में शुक्रवार सुबह कूड़ा फेंककर घर जा रही किशोरी को पड़ोसी महिला ने बुलाकर बंधक बना लिया। इसके बाद महिला के घर में मौजूद रिश्तेदार युवक ने दुष्कर्म किया। किशोरी को धमकी देते हुए भगा दिया। बेहाल किशोरी घर पहुंची तो मां को घटना की जानकारी दी। मां ने काकोरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया। पुलिस ने महिला और उसके रिश्तेदार को गिरफ्तार कर लिया है।

काकोरी के घुरघुरि तालाब निवासी महिला के मुताबिक शुक्रवार सुबह वह रिश्तेदार की तीमारदारी के लिए पति संग अस्पताल गई थी। बेटी घर में अकेले थी। माता-पिता के जाने के बाद किशोरी कूड़ा फेंकने के लिए घर से निकली। वापस घर जा रही थी, इसी बीच पड़ोसी गीता ने आवाज लगा कर उसे बुलाया। अंदर आते ही कमरे में ताला बंद कर दिया। पीड़िता के मुताबिक कमरा बंद कर गीता चली गई। वहीं, महिला का रिश्तेदार अंकित कमरे में पहले से मौजूद था। उसने किशोरी के साथ छेड़छाड़ शुरू की।

विरोध करने पर उसकी पिटाई की और दुष्कर्म किया। किशोरी मदद के लिए चीखने लगी। पर, उसकी चीख कमरे में ही दब गई। अंकित और गीता ने किशोरी से कहा कि किसी से कुछ बताया तो जान से मार देंगे। अस्पताल से माता-पिता घर जब घर पहुंचे तो बेटी को रोते देख पूछताछ की। किशोरी ने पड़ोसी गीता के घर में हुई वारदात के बारे में मां को बताया। जिसे सुन कर परिवार वाले दंग रह गए। गीता के घर पहुंच कर शिकायत करने पर वह झगड़ा करने लगी। इसके बाद मां ने काकोरी थाने पहुंच कर रिपोर्ट दर्ज कराया। इंस्पेक्टर नवाब अहमद ने बताया कि अंकित और गीता को गिरफ्तार किया गया है।

यह भी पढ़ें-Ayodhya News : हर 20 मिनट पर अयोध्यावासियों को मिलेगी आवागमन में छूट

संबंधित समाचार