जानलेवा मांझा... युवक के गर्दन में लगा गहरा घाव, अस्पताल में भर्ती
लखनऊ, अमृत विचार: बीबीडी माधव रेजिडेंसी के पास रविवार शाम को मांझे में फंस युवक के गर्दन में गहरा घाव हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को राहगीरों की मदद से मां ने अस्पताल में भर्ती कराया। वह मां के साथ बाराबंकी जा रहा था।
बाराबंकी बरौली निवासी राम शंकर यादव विभूतिखंड में परिवार के साथ रहते है। रविवार शाम बेटा शुभम यादव मां मोहिनी को लेकर बाराबंकी जा रहा था। बीबीडी माधव रेजिडेंसी के पास पहुंचने पर शुभम की गर्दन में मांझा फंस गया। जिससे गर्दन में गहरा घाव हुआ और खून बहने लगा। दर्द से बिलखते हुए शुभम गर्दन पकड़ कर सड़क पर गिर गया। मोहिनी भी बेटे को देख घबरा गई। कुछ समझ नहीं आया। मदद के लिए शोर मचाने पर राहगीर जुटे। जिनकी मदद से मोहिनी बेटे को इलाज के लिए अस्पताल ले गई।
गर्दन में लगे पांच टांके
इंस्पेक्टर बीबीडी अजय नारायण सिंह ने बताया कि शुभम को डॉक्टरों ने पांच टांके लगाए है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर गई थी। लेकिन पतंगबाज कहीं नजर नहीं आए। फिलहाल शुभम अस्पताल में भर्ती है। परिवार ने तहरीर नहीं दी है।
यह भी पढ़ेः Video: बाल्टियों पानी भरकर ले जानें को मजबूर लोग, बोले पार्षद- विपक्षी पार्टी के समर्थकों को ही है परेशानी
