Kanpur में व्यापारी नेता की पत्नी से लूट का मामला: दो शातिर गिरफ्तार, पुलिस ने लूटा हुआ नकदी और पर्स किया बरामद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। जाजमऊ थानाक्षेत्र में पांच दिन पूर्व व्यापारी नेता की पत्नी के साथ पर्स लूट की घटना में पुलिस ने दो शातिरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लूटे पर्स और नकदी बरामद कर ली है। घटना में इस्तेमाल की गई बाइक को भी कब्जे में ले लिया है। एक लुटेरा कन्नौज तो दूसरा जनपद बलरामपुर का रहने वाला है। पुलिस दोनों शातिरों का आपराधिक इतिहास खंगालने में जुट गई है। 
   
जाजमऊ नई चुंगी निवासी अखलास अहमद जाजमऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार को वह स्कूटी से पत्नी नौशीन अख्तर और भतीजी के साथ बुआ शबाना परवीन के घर प्योंदी गांव गए थे। देर रात वह घर लौट रहे थे, तभी वाजिदपुर के पास पीछे से आए बाइक सवार लुटेरों ने झपट्टा मारकर पत्नी का पर्स लूट लिया था। इस दौरान नौशीन स्कूटी से गिरकर घायल हो गई थीं। वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे फरार हो गए थे। पर्स में पांच हजार रुपये, मोबाइल व जरूरी कागजात थे। पुलिस रिपोर्ट दर्जकर लुटेरों की तलाश में जुटी थी। 

एडीसीपी पूर्वी मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस ने प्योंदी पुलिया के पास से सोमवार दोपहर दोनों लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए लुटेरों में कन्नौज के छिबरामऊ नगला दसारी निवासी सूरज कुमार और बलरामपुर के बलरामपुरा बेल्वा सुल्तानजोत निवासी मोहम्मद निहाल खान शामिल है। वहीं जाजमऊ थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि दोनों लुटेरों के पास से 1050 रुपये, मोबाइल फोन और लूट में प्रयुक्त स्पोर्ट्स बाइक बरामद की गई है। 

चौकी के पीछे कमरा लेकर रह रहे थे दोनों

दोनों लुटेरे सनिगवां चौकी के पीछे ही किराए पर कमरा लेकर रह रहे थे। अगर मकान मालिक पुलिस से उनका सत्यापन करा लेते तो लुटेरे पहले ही पकड़े जा सकते थे। हालांकि पुलिस ने भी क्षेत्र में आने वाले बाहरी लोगों का सत्यापन करना भी जरूरी नहीं समझा।

यह भी पढ़ें- Kanpur: एकीकृत पेंशन योजना के खिलाफ यूनियनें लामबंद, भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ बेंगलुरू सम्मेलन में बनाएगी रणनीति

 

संबंधित समाचार