शाहजहांपुर: फर्म के कर्मचारी ने ही दो बदमाशों संग मिलकर रची थी लूट की कहानी, तीनों गिरफ्तार
1.47 लाख रुपये, चेक, मोबाइल बरामद, कर्मचारी ने स्वयं हाथ में मारा था ब्लेड
शाहजहांपुर/निगोही, अमृत विचार। निगोही क्षेत्र की एक फर्म के कर्मचारी से नकदी, चेक, मोबाइल लूट के मामले में पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा करते हुए फर्म के कर्मचारी और बाइक सवार दो बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक लाख 47 हजार रुपये, एक चेक बुक, तीन मोबाइल और घटना में प्रयुंक्त बाइक बरामद कर ली है। फर्म कर्मचारी की मिली भगत से लूट की घटना हुई थी। घटना को सही दिखाने के लिए कर्मचारी ने स्वयं हाथ में ब्लेड मार लिया था।
तिलहर थाना क्षेत्र के मोहल्ला पंजाबी कालोनी निवासी हर्षित अग्रवाल श्रीगणेश इंटर प्राइजेज के नाम से फर्म तिलहर में है। फर्म का कर्मचारी किशु निवासी घेरचौवा थाना तिलहर रविवार की रात आठ बजे निगोही-बीसलपुर मार्ग से बाइक से आ रहे थे। बाइक पर सवार दो बदमाशों ने पेट्रोल पंप के सामने कर्मचारी की बाइक रोक ली थी। बदमाशों ने उसके पास से एक लाख 50 हजार रुपये, फर्म के नाम 20 हजार रुपये का चेक, मोबाइल लूट लिया था और बदमाश बाइक से भाग गए थे। विरोध करने पर चाकू मारकर घायल कर दिया था। पुलिस ने अज्ञात में लूट की रिपोर्ट दर्ज की थी। एसपी ने लूट का खुलासा के लिए एसओजी, सर्विलांस टीम व दो टीमों को लगाया था। पुलिस टीमें अपने स्तर से काम कर रहीं थी। पुलिस टीम ने मंगलवार की सुबह साढ़े पांच बजे तालगांव के पास से तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए बदमाश जितेंद्र कुमार निवासी कच्चा कटरा थाना तिलहर, धर्मदेव निवासी घेरचौवा थाना तिलहर और एक बाल अपचारी है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक लाख 47 हजार रुपये, तीन मोबाइल, 20 हजार रुपये का चेक और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने बताया कि उसका साथ बाल अपचारी फर्म में काफी समय से काम करता है, जिसके द्वारा रुपये वसूल कर लाया जाता है।
तीनों लोगों ने लूट की योजना बनाई थी। जिस दिन बाल अपचारी निगोही क्षेत्र में रुपये लेने जाएगा, उसी दिन रुपया ले लिया जाएगा। सही घटना दिखाने के लिए बाल अपचारी ने स्वयं हाथ मे ब्लेड मार लिया था। पुलिस घटना सही समझेगी। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों का चालान कर दिया। टीम में एसओजी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार, निगोही प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह, उप निरीक्षक रामायण सिंह, राजेश कुमार आदि थे।
एएसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि तिलहर की फर्म के कर्मचारी के साथ मिलकर तीन लोगों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था, कर्मचारी ने खुद हाथ पर ब्लेड मार लिया था, ताकि किसी को लूट की घटना पर शक न हो, इस घटना में शामिल फर्म कर्मचारी समेत तीन लोगों को पकड़ लिया गया है। लूटे गए रुपये आदि सामान भी बरामद हुआ है।
ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर: अधिवक्ता बिल संशोधन के विरोध में वकीलों का प्रदर्शन, निकाला जुलूस
