Kanpur: 65 वर्षीय वृद्ध ने 7 वर्ष की बच्ची से की गंदी हरकत, पिता को आपबीती सुनाते हुए रो पड़ी बेटी, जानिए मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। काकादेव थानाक्षेत्र में एक शर्मनाक घटना हुई। जहां घर पर अकेली मौजूद सात वर्षीय बच्ची के साथ मूलरूप से उत्तराखंड के रहने वाले 65 वर्षीय वृद्ध पड़ोसी ने गंदी हरकत की। काम से लौटे पिता को सहमी बेटी ने घटना की जानकारी दी तो होश उड़ गए। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।

काकादेव के एक मोहल्ले में रहने वाला एक युवक मजदूरी कर बेटी का पालन पोषण करता है। बताया कि कुछ समय पहले उसकी पत्नी उसे छोड़कर कहीं चली गई थी। तब से वह अपनी सात वर्षीय बेटी के साथ रहता है। उसके अनुसार, रविवार सुबह वह काम पर चला गया था। शाम को घर लौटे तो बेटी उनके गले लगकर रोने लगी। उसने बताया पड़ोस में रहने वाले बाबा ने गंदी हरकत की है।

यह सुनकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। युवक बेटी को लेकर काकादेव थाने पहुंचा और आरोपी पड़ोसी की करतूत बताई। जिस पर तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। पिता के अनुसार घटना के बाद बेटी बहुत दहशत में है। आरोपी ने उसे किसी को भी बताने से धमकाया था।

इस संबंध में काकादेव इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल कराया गया है। आरोपी मूलरूप से उत्तराखंड के पिथैरागढ़ के नाचनी थानाक्षेत्र के बासबगड़ निवासी 65 वर्षीय प्रेम सिंह है, जो कुछ समय से यहां क्षेत्र में रह रहा है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में मंगलवार काे पेश कर जेल भेजा गया है।

संबंधित समाचार