लखीमपुर खीरी: खेत में गन्ना छील रहा था मजदूर...बाघ ने हमला कर किया घायल तो फैली दहशत
संपूर्णानगर, अमृत विचार। संपूर्णानगर वन रेंज के तहत हजारा क्षेत्र में गन्ने की छिलाई कर रहे एक मजदूर पर खेत में छिपे बैठे बाघ ने हमला कर दिया। इससे साथी मजदूरों में भगदड़ मच गई। हिम्मत जुटाते हुए मजदूरों ने शोर शराबा किया। इस पर बाघ किसान को छोड़कर खेतों में छुप गया। घायल मजदूर को सीएचसी पलिया में भर्ती कराया गया है, जहां से डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम बाघ की निगरानी कर रही है।
हजारा क्षेत्र में एक किसान के खेत में गुरुवार की सुबह कुछ मजदूर गन्ने की छिलाई करने गए थे। छिलाई करते समय दोपहर में खेत में छिपे बैठे बाघ ने मजदूर सूरज कुमार (30) पर हमला कर दिया। बाघ को देख मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। शोर होने पर आसपास के खेतों में काम कर रहे मजदूर भी शोर मचाते हुए मौके की तरफ दौड़ पड़े। इस पर बाघ मजदूर को छोड़कर गन्ने के खेत में घुस गया। बाघ के हमले की खबर मिलते ही तमाम ग्रामीण और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घायल मजदूर को आनन-फानन में पलिया सीएचसी ले जाया गया, जहां से डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया है।
वन विभाग की टीम मौके पर है। वह लगातार बाघ की निगरानी कर रही है। वन अधिकारियों ने ग्रामीणों और किसानों को सतर्क होकर खेतों की तरफ समूह में जाने की अपील की है। घटना के बाद से लोगों में बाघ की दहशत व्याप्त हो गई है। मजदूर और किसान खेतों की तरफ से जाने से कतराने लगे हैं। इससे जोर शोर से चल रही गन्ने की छिलाई का काम प्रभावित हो गया है।
ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी: तेज रफ्तार बाइक लेकर ईंटों के ढेर में घुसे युवक की मौत
